15/09/26

लॉरेंस बिश्नोई का करीबी करमवीर सिंह कनाडा से डिपोर्ट, दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार

पंजाब , 15 सितंबर (अभिकान्त) : पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी करमवीर सिंह को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट से हिरासत में ले लिया है। कनाडा से डिपोर्ट किए जाने के तुरंत बाद भारत पहुंचते ही उसे दबोच लिया गया। करमवीर विदेश में बैठकर लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था।

पंजाब पुलिस की जांच में सामने आया है कि करमवीर सिंह ने अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को ठहरने, छिपने और अन्य जरूरी लॉजिस्टिक सुविधाएं मुहैया कराई थीं। मामला उजागर होने पर उसके खिलाफ एसएएस नगर (मोहाली) के स्टेट क्राइम पुलिस स्टेशन में आईपीसी, आर्म्स एक्ट और पासपोर्ट एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।

(LOC) AGTF पंजाब ने करमवीर सिंह को पकड़ने के लिए 3 सितंबर 2026 को लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था। इसके चलते जैसे ही कनाडा की एजेंसियों ने उसे डिपोर्ट कर दिल्ली एयरपोर्ट भेजा, सुरक्षा एजेंसियों के अलर्ट पर पंजाब पुलिस की टीम ने उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, करमवीर सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, प्रयास, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन अपराध दर्ज हैं। पुलिस अब रिमांड लेकर यह पता लगाने में जुटी है कि विदेश में रहते हुए वह भारत में किन-किन गुर्गों के संपर्क में था और नेटवर्क को कैसे संचालित कर रहा था। पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि विदेश से चल रहे ट्रांसनेशनल गैंगस्टर नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

#PunjabPolice #AGTF #LawrenceBishnoi #KaramveerSingh #AnmolBishnoi #IGIAirport #CrimeNews #DanikKhabar

Previous

चंडीगढ़ में कचरा प्रबंधन पर प्रशासन अलर्ट; डंपिंग ग्राउंड के बैकलॉग को 30 अक्टूबर तक खत्म करने के निर्देश

Next

अम्बाला: अवैध खनन पर जिला प्रशासन का बड़ा क्रैकडाउन; दो माह में 66 वाहन जब्त, ₹22.55 लाख की वसूली