16/03/25

अवैध खनन तथा खनिज के अवैध परिवहन पर लगातार हो रही कड़ी कार्रवाई: महानिदेशक के.एम. पांडुरंग

चंडीगढ़, 16 मार्च (अभी) - खनन एवं भू-विज्ञान विभाग के महानिदेशक के.एम. पांडुरंग के निर्देशानुसार अवैध खनन के खिलाफ कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। जिला महेंद्रगढ़ में पुलिस के सहयोग से जिला प्रशासन व खनन विभाग द्वारा पिछले दो दिनों में 555 वाहनों की चैकिंग के दौरान दो वाहनों के चालान कर 6.35 लाख रुपए की पेनल्टी एवं रॉयल्टी वसूली की कार्रवाई की।

 

खनन एवं भू-विज्ञान विभाग के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला महेंद्रगढ़ में पुलिस को साथ लेकर जिला प्रशासन की संयुक्त टीम छुट्टियों के दिनों में भी लगातार फील्ड में रही तथा खनन से जुड़े मामलों पर कड़ी नजर रखी गई।

 

उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात तथा शनिवार को टीम ने जिला के विभिन्न क्षेत्रों में 555 वाहनों की चेकिंग की। शुक्रवार को राजस्थान की तरफ से अवैध तरीके से बिना बिल रोड़ी लेकर आ रहे एक डंपर को पकड़ा। कागजात चेक करने के बाद टीम ने इस पर 4.20 लाख रुपए के पेनल्टी तथा रॉयल्टी वसूली की कार्रवाई शुरू की।

 

इसी प्रकार, शनिवार को एक ट्रैक्टर ट्राली को अवैध तरीके से राजस्थान की ओर से बजरी लाते हुए देखा गया। इस पर टीम ने ट्रैक्टर ट्राली का पीछा किया। मौके का फायदा उठाकर ट्रैक्टर- ट्रॉली चालक ने रास्ते में ही ट्रॉली को खाली कर दिया तथा ट्रैक्टर- ट्रॉली को लेकर भागने की कोशिश की। पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मौके पर ही ट्रैक्टर- ट्राली को अपने कब्जे में ले लिया तथा  विभाग द्वारा 2.15 लाख रुपए की पेनल्टी तथा रॉयल्टी वसूली की कार्रवाई शुरू की गई।

Previous

सरकारी कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई- लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा

Next

अटल किसान मजदूर कैंटीन का विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने किया उद्घाटन