कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अलग-अलग मामलों में 6 आरोपी 6 अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार
हरियाणा , 30 अगस्त (अभिकान्त) : कैथल में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 6 अलग-अलग मामलों में 6 आरोपियों को अवैध हथियारों सहित काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 देसी पिस्तौल तथा 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। ये आरोपी इन हथियारों के जरिए किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। इस कार्रवाई को सीआईए-1, सीआईए कलायत, एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ कैथल और स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीमों ने अंजाम दिया है।
इस संबंध में डीएसपी सुशील प्रकाश ने अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूरी सफलता की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि विभिन्न मामलों में पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा है। पहले मामले में सीआईए-1 पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नरड़ बस अड्डा के पास से आरोपी जीतू (निवासी जनकपुरी कॉलोनी, कैथल) को काबू किया, जिसके कब्जे से एक 315 बोर का देसी पिस्तौल बरामद हुआ। दूसरे मामले में सीआईए-1 टीम ने एनएच-152 से गांव प्यौदा जाने वाली सड़क से आरोपी गुरदेव (निवासी गांव कोयल, जिला जींद, हाल किरायेदार शुगर मिल कॉलोनी, कैथल) को 315 बोर के देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया।
तीसरे मामले में सीआईए-1 की टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर कैथल-करनाल रोड पर हांसी-बुटाना नहर पुल के पास से आरोपी सुशील उर्फ रौन्नी (निवासी गांव नीमवाला) को काबू किया, जिसके कब्जे से 315 बोर का अवैध देसी पिस्तौल बरामद हुआ। चौथे मामले में सीआईए कलायत टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कलायत क्षेत्र से बाइक सवार आरोपी रेलु (निवासी गांव खरक पांडवा) को पकड़ा और जांच के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का देसी कट्टा व एक कारतूस बरामद किया। पांचवें मामले में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार की टीम ने सेक्टर-18 कैथल स्थित पार्क में दबिश देकर आरोपी मनोज कुमार (निवासी सुभाष नगर, कैथल) को काबू किया, जिसके कब्जे से 315 बोर का अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया। छठे मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एचसी अनिल कुमार की टीम ने गांव कलायत से बालू की तरफ जाने वाली सड़क पर जम्मू कटरा पुल के नीचे दबिश दी और आरोपी गुरमीत (निवासी गांव बालू, हाल राजनगर कॉलोनी, कैथल) को 315 बोर के एक अवैध देशी पिस्तौल तथा एक जिंदा कारतूस सहित दबोच लिया।
सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
#KaithalNews #HaryanaPolice #IllegalWeapons #CrimeNews #CIAKaithal #DanikKhabar
Previous
दैनिक खबर पर प्रतिदिन देखें भगवद् गीता का एक श्लोक व्याख्या सहित। आज अध्याय 2 : श्लोक 58
Next