हरियाणा के मुख्य सचिव ने किया पंजाब एवं हरियाणा सिविल सचिवालय की सी.आई.एस.एफ. यूनिट के परेड ग्राउंड का उद्घाटन
चंडीगढ़, 31 जनवरी (अभी): हरियाणा के मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी ने पंजाब एवं हरियाणा सिविल सचिवालय की केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सी.आई.एस.एफ.) यूनिट के नवनिर्मित परेड ग्राउंड का उद्घाटन किया। मुख्य सचिव ने सी.आई.एस.एफ. कर्मियों के अटूट समर्पण और सेवा की सराहना करते हुए कहा कि नया परेड ग्राउंड उनके प्रशिक्षण और अभ्यास को और अधिक प्रभावी बनाएगा। उन्होंने कहा कि सी.आई.एस.एफ. मेट्रो स्टेशनों, हवाई अड्डों, जेलों, परमाणु संयंत्रों और यहां तक कि संसद की सुरक्षा जैसे विभिन्न स्थानों पर तैनात है। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। गृह मंत्रालय में अपने कार्यकाल के दौरान सी.आई.एस.एफ. सहित विभिन्न सुरक्षा बलों के साथ काम करने के अपने अनुभव को साझा करते हुए डॉ. जोशी ने कहा कि सी.आई.एस.एफ. कर्मियों को चुनौतीपूर्ण माहौल में काम करना पड़ता है, क्योंकि खतरा किसी भी समय आ सकता है और उनके पास प्रतिक्रिया के लिए बहुत ही कम समय होता है। उन्होंने कहा कि शारीरिक शक्ति और मानसिक चुस्ती, दोनों ही उनकी तैयारी के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्हें हर समय किसी भी खतरे या हमले से निपटने के लिए सतर्क रहना चाहिए। इससे पहले, मुख्य सचिव ने सी.आई.एस.एफ. की टुकड़ी से गार्ड ऑफ ऑनर लिया और एक पौधा भी लगाया। उद्घाटन के बाद, बल के जवानों ने रिफ्लेक्स शूटिंग और आंखों पर पट्टी बांधकर हथियारों को अलग करने और जोड़ने का प्रदर्शन कर अपनी कुशलता का प्रदर्शन किया।