20/09/26

भिवानी के बहल में केमिकल से भरे टैंकर में भीषण आग, चपेट में आईं कई रेहड़ियां व दुकानें; 6 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

हरियाणा , 20 सितंबर (अभिकान्त) : हरियाणा के भिवानी जिले के बहल कस्बे में राजगढ़ रोड पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जहां ज्वलनशील केमिकल से भरे एक टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने आसपास बनी कई रेहड़ियों, खोखों और दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग की विभीषिका को देखते हुए भिवानी, हिसार, लोहारू और सिवानी से दमकल विभाग की 6 गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

टैंकर गुजरात से सोनीपत के लिए ज्वलनशील केमिकल लेकर जा रहा था। रात के समय बहल में एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक के पैर में चोट आई, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद टैंकर से केमिकल का रिसाव शुरू हो गया और वह गंदे पानी के नाले में बहने लगा। सुबह सुरपुरा रोड की तरफ नाले में पड़े केमिकल में अचानक आग लग गई, जो नाले के रास्ते बहते हुए सीधे टैंकर तक पहुंच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही बहल थाना एसएचओ उग्रसेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके को सील किया। वहीं, लोहारू के एसडीएम मनोज दलाल ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित दुकानदारों को सहायता का आश्वासन दिया।

#BhiwaniNews #ChemicalTankerFire #BahlAccident #FireBreakout #HaryanaNews #HaryanaPolice #HisarNews #LoharuNews

Previous

अंबाला: एस.डी. कॉलेज में एनएसएस और नगर निगम का संयुक्त स्वच्छता अभियान; "स्वच्छ परिसर, स्वस्थ समाज" का दिया संदेश

Next

हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री से मधुमक्खी पालकों के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की