चंडीगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: 202 ग्राम हेरोइन के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया
चंडीगढ़ , 01 सितंबर (अभिकान्त) : चंडीगढ़ पुलिस ने नशेडियों और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय एक युवक को 202 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान साहिल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरियाणा के यमुनानगर जिले के गांव संधाय का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे अदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
यह कार्रवाई सेक्टर-39 थाना पुलिस की टीम द्वारा की गई है। पुलिस के अनुसार, एसआई करण सिंह अपनी टीम के साथ सेक्टर-38 बस स्टॉप के पास गश्त और चेकिंग के सिलसिले में मौजूद थे। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर साहिल को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 202 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के पास इस मादक पदार्थ को रखने या ले जाने से संबंधित कोई भी वैध लाइसेंस या परमिट नहीं था। पुलिस अब यह खंगालने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन वह कहां से लेकर आया था और इसे चंडीगढ़ में किसे सप्लाई किया जाना था।
पुलिस की शुरुआती जांच और रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया है कि आरोपी साहिल के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। हालांकि, इतनी कम उम्र में नशे की इतनी बड़ी खेप के साथ पकड़े जाने के बाद पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसका किसी बड़े नशा तस्कर सिंडिकेट से संपर्क है या वह अकेले ही इस अवैध धंधे में उतरा था। एक दिन के पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है, जिससे इस तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। इस मामले में सेक्टर-39 थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
#ChandigarhPolice #HeroinSeizure #NDPSAct #CrimeNews #Yamunanagar #ChandigarhNews #DanikKhabar
Previous
ऊर्जा मंत्री अनिल विज का राहुल गांधी पर तीखा हमला, बोले- कानून हाथ में लेना किसी का जन्मसिद्ध अधिकार नहीं
Next