डेराबस्सी : मुबारकपुर के एनएच लुक प्लांट में बॉयलर फटने से भीषण आग, 40 मजदूरों ने भागकर बचाई जान
पंजाब , 23 अगस्त (अभिकान्त) : मुबारकपुर स्थित एनएच लुक (NH Look) प्लांट में रविवार दोपहर बॉयलर फटने से अचानक भीषण आग लग गई। बॉयलर में हुए जोरदार धमाके के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि समय रहते प्लांट में काम कर रहे करीब 40 मजदूर सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
रोजाना की तरह प्लांट में काम चल रहा था। इसी दौरान दोपहर के समय अचानक बॉयलर में जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास का इलाका दहल उठा। धमाके के तुरंत बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते प्लांट के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग और धुएं का गुबार उठता देख वहां मौजूद मजदूरों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत भागकर अपनी जान बचाई।
हादसे की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और फायर फाइटर्स ने आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग को आगे फैलने से रोका और उस पर पूरी तरह से काबू पा लिया।
हादसे में सभी मजदूरों के सुरक्षित बाहर निकल जाने से प्रशासन और प्लांट प्रबंधन ने राहत की सांस ली है। हालांकि, आग की इस घटना में प्लांट के भीतर रखे उपकरण, मशीनरी और सामान को भारी नुकसान पहुंचने की संभावना है। फिलहाल प्रबंधन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं, बॉयलर फटने और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है।
#MubarakpurNews #FireAccident #BoilerBlast #DanikKhabar #PunjabNews #FireSafety
Previous
अमृतसर: काउंटर इंटेलिजेंस की बड़ी कार्रवाई, 10 पिस्तौल के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार; विदेशी हैंडलर से जुड़े तार
Next