21/09/26

मुंबई: तड़के तटीय सड़क (कोस्टल रोड) पर ओवरस्पीड बीएमडब्ल्यू फ्लाईओवर से नीचे गिरी; 3 छात्रों की मौत, 1 गंभीर

जे कुमार मुंबई (महाराष्ट्र), 21 सितंबर 2026 : महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई की नवनिर्मित तटीय सड़क (Coastal Road) पर रविवार तड़के एक बड़ा दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मरीन ड्राइव से घूमकर लौट रहे चार कॉलेज छात्रों की तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू (BMW) कार अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की रैलिंग तोड़ते हुए लगभग 75 फीट नीचे आ गिरी। इस भीषण दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए और 3 छात्रों की जान चली गई, जबकि 1 छात्र जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

तेज रफ्तार और ओवरस्पीड बनी हादसे की वजह:

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5:20 बजे लाला लाजपत राय कॉलेज व लोटस जेट्टी के सामने हुआ। बीएमडब्ल्यू कार अत्यधिक तेज रफ्तार (लगभग 200 किमी/घंटा) में थी। ओवरस्पीडिंग के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार डिवाइडर और सुरक्षा दीवार को तोड़ती हुई हवा में उछली और दो बार पलटने के बाद नीचे चल रहे कंस्ट्रक्शन साइट पर जा गिरी।

गुजरात के रहने वाले थे सभी छात्र:

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने घायलों को नायर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों—सनाय गुर्जर (21), आदित्य जाकसनिया (19) और एक 17 वर्षीय नाबालिग को मृत घोषित कर दिया। चालक के साथ बैठा आदित्य ओसवाल (20) गंभीर रूप से घायल है और उसका ट्रॉमा वार्ड में इलाज चल रहा है। सभी छात्र मूल रूप से अहमदाबाद (गुजरात) के थे और मुंबई के एनएमआईएमएस (NMIMS) कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। वर्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

#MumbaiNews #Mumbai #BMWAccident #CoastalRoadMumbai #RoadSafety #MumbaiPolice #BreakingNews #MaharashtraNews

Previous

श्रीनगर: सीबीआई की बड़ी कार्रवाई; रिश्वतखोरी के मामले में उप-मंडलीय कृषि अधिकारी समेत 3 गिरफ्तार

Next

गुरुग्राम: सेक्टर-39 में स्पा व पीजी की आड़ में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़; पति-पत्नी व विदेशी युवतियों समेत 21 गिरफ्तार