रेलवे की बड़ी सौगात: पंजाब से मुंबई-बिहार के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, अंबाला-पानीपत रूट के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
अभिकान्त, 07 जून पंजाब : भीषण गर्मी के इस मौसम में ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट की समस्या से निपटने के लिए रेलवे ने एक बड़ा और राहत भरा फैसला लिया है। उत्तर रेलवे द्वारा अमृतसर से मुंबई के बीच एक नई समर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय किया गया है। इसके साथ ही, पंजाब और आसपास के इलाकों में रह रहे बिहार के यात्रियों की सहूलियत के लिए अमृतसर-कटिहार स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि को भी जुलाई के अंत तक बढ़ा दिया गया है और इसमें अतिरिक्त फेरे भी जोड़े गए हैं। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इन स्पेशल ट्रेनों के सुचारू संचालन से पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और बिहार आने-जाने वाले हजारों रेल यात्रियों को गर्मी के सीजन में सफर करने में बहुत बड़ी राहत मिलेगी।
अमृतसर-मुंबई (बांद्रा टर्मिनस) स्पेशल ट्रेन का पूरा शेड्यूल
अमृतसर और मुंबई के बांद्रा टर्मिनस के बीच चलने वाली यह नई समर स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं से कई प्रमुख स्टेशनों को कवर करते हुए अपना सफर तय करेगी। यह ट्रेन जालंधर सिटी, फगवाड़ा, धंडारी कलां (लुधियाना), अंबाला कैंट, पानीपत, नई दिल्ली (सफदरजंग), मथुरा, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत और बोरीवली होते हुए बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। शेड्यूल के अनुसार, ट्रेन संख्या 04694 अमृतसर से 12, 19 और 26 जून तथा 3 और 10 जुलाई को प्रत्येक शुक्रवार को रात 8:10 बजे मुंबई के लिए रवाना होगी। वहीं वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 04693 बांद्रा टर्मिनस से 14, 21 और 28 जून तथा 5 और 12 जुलाई को प्रत्येक रविवार सुबह 8:00 बजे अमृतसर के लिए अपनी यात्रा शुरू करेगी।
अमृतसर-कटिहार स्पेशल ट्रेन की अवधि जुलाई अंत तक बढ़ी
बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने अमृतसर और कटिहार के बीच पहले से चल रही विशेष ट्रेन के संचालन को जुलाई के अंत तक विस्तारित करने का फैसला किया है। इस बढ़ी हुई अवधि के दौरान ट्रेन संख्या 05736/05735 कटिहार-अमृतसर-कटिहार स्पेशल दोनों तरफ से तीन-तीन अतिरिक्त फेरे लगाएगी। कटिहार से अमृतसर के लिए यह ट्रेन 22 जुलाई से 29 जुलाई तक प्रत्येक बुधवार को तीन अतिरिक्त फेरे पूरी करेगी। इसी तरह वापसी में अमृतसर से कटिहार के लिए यह स्पेशल ट्रेन 17 जुलाई से 31 जुलाई तक प्रत्येक शुक्रवार को तीन अतिरिक्त फेरे संचालित करेगी, जिससे इस रूट पर यात्रा करने वाले लोगों को आसानी से कंफर्म टिकट मिल सकेगी।
#IndianRailways #SummerSpecialTrain #AmritsarToMumbai #KatiharSpecial #AmbalaCantt #PanipatNews #RailwayUpdate2026 #Danikkhabar
Previous
रोहतक की सुपवा यूनिवर्सिटी में 9 जून से नाटक ‘बियोंड द इमेजिनेशन’ का मंचन; एंट्री फ्री
Next