अंबाला: 6 एकड़ में फैली अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर; सड़कों और नींवों को किया ध्वस्त, डीटीपी ने दी चेतावनी।
अम्बाला, 20 फरवरी (अभी) : जिला नगर योजनाकार विभाग के दस्ते ने आज अवैध निर्माण के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए अंबाला सदर के गांव फूलेल माजरा (सब तहसील साहा) में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। विभाग की टीम ने लगभग 6.0 एकड़ भूमि पर बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से विकसित की जा रही एक कॉलोनी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कॉलोनी में बिछाए गए सड़कों के जाल, निर्माणाधीन नींवों और बाउंड्री वॉल (चारदीवारी) को बुलडोजर की सहायता से मलबे में तब्दील कर दिया गया।
कार्यवाही का नेतृत्व ड्यूटी मजिस्ट्रेट सह जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान ने किया। उनके साथ कनिष्ठ अभियंता रविंद्र और हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो (अंबाला) के एसएचओ सहित पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। विभाग द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई से अवैध रूप से प्लॉट काटने वाले भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
मौके पर मौजूद जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान ने आम जनता को सचेत करते हुए कहा कि कुछ प्रॉपर्टी डीलर और भू-मालिक लोगों को कॉलोनी के रेगुलर होने का झूठा झांसा देकर प्लॉट बेच रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी अवैध कॉलोनियों में निवेश करना जोखिम भरा है और भविष्य में भी ऐसी संपत्तियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी गाढ़ी कमाई फंसाने से पहले भूमि की वैधता की जांच अवश्य करें और इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का निर्माण न करें।
#AmbalaNews #AntiEncroachment #DTPAmbala #IllegalColony #ActionAgainstLandMafia #UrbanPlanning #HaryanaGovernance