27/08/26

चंडीगढ़ में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी: शहर में लगेंगे 2 हजार से ज्यादा अतिरिक्त एआई कैमरे, बढ़ेगी निगरानी

चंडीगढ़ , 27 अगस्त (अभिकान्त) : चंडीगढ़ में अपराध पर लगाम कसने और कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए शहर की निगरानी व्यवस्था को आधुनिक एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक से लैस किया जाएगा। इसके तहत शहर में 2 हजार से अधिक अतिरिक्त एआई-सक्षम सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की योजना है, जिससे शहर में कैमरों की कुल संख्या मौजूदा 2130 से बढ़कर लगभग 4200 हो जाएगी। इन नए कैमरों के नेटवर्क से शहर के बाकी 68 एटीसी स्थान भी पूरी तरह कवर किए जाएंगे, जिससे सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन मजबूत होगा।

प्रस्तावित एआई व्यवस्था के जरिए वाहनों और व्यक्तियों की स्वचालित पहचान संभव हो सकेगी, जिससे संदिग्धों को ट्रैक करना आसान होगा। इसके अलावा, प्रिडिक्टिव एनालिटिक्स और रीयल-टाइम डेटा के इस्तेमाल से पुलिस किसी भी घटना के होने से पहले ही संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई कर सकेगी। यह अहम निर्णय सेक्टर-9 स्थित पुलिस मुख्यालय में यूटी सलाहकार स्थायी समिति की बैठक के दौरान लिया गया। राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में एसएसपी कंवरदीप कौर, एसपी सिटी अनुराग द्विवेदी, डीएसपी रामगोपाल, डीएसपी ऑपरेशन अभिनंदन सहित कई पुलिस अधिकारी और शहर के प्रमुख प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में पुलिसिंग, साइबर अपराध, फोरेंसिक और कानूनी शोध को बढ़ावा देने के लिए पंजाब यूनिवर्सिटी के सहयोग से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने का भी सुझाव दिया गया। एसएसपी ने बताया कि डेटाबेस के अनुसार 600 से अधिक लोग ऐसे हैं जो तीन से ज्यादा बार आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं, जिन पर लगाम कसने के लिए विशेष अध्ययन किया जाएगा। इसके साथ ही, सड़क हादसों के कारणों का विस्तृत अध्ययन करने, ऑनलाइन धोखाधड़ी से निपटने और स्कूलों को मिलने वाली धमकियों के लिए एसओपी (SOP) तैयार करने पर भी जोर दिया गया।

चंडीगढ़ पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त रुख अपनाते हुए जागरूकता अभियान भी चलाएगी। इस दौरान सांसद सतनाम सिंह संधू ने कहा कि चंडीगढ़ के पास स्मार्ट, सुरक्षित और नागरिक केंद्रित पुलिसिंग का राष्ट्रीय मॉडल बनने की पूरी क्षमता है, तकनीक और डेटा के सही इस्तेमाल से शहर को एक अधिक सुरक्षित क्षेत्र बनाया जा सकेगा।

#ChandigarhPolice #AICameras #LawAndOrder #SmartCity #ChandigarhNews #DanikKhabar #HaryanaNews

Previous

स्कूलों में पोक्सो मामलों को लेकर हरियाणा बाल अधिकार आयोग की पहल, जिलास्तर पर होंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम

Next

राज्यपाल ने आईजीएमसी शिमला के शिशु वार्ड के लिए कंबल भेंट किए