श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर 541 सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान रवाना, ऐतिहासिक गुरुधामों के करेंगे दर्शन
अभिकान्त, 10 जून पंजाब : पांचवें पातशाह साहिब श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस के पावन अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की अगुवाई में श्रद्धालुओं का एक विशेष जत्था पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन के लिए रवाना हुआ। अंतरराष्ट्रीय अटारी-वाघा संयुक्त जांच चौकी पर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला और "बोले सो निहाल, सत श्री अकाल" के गगनभेदी जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने अपनी इस पवित्र यात्रा की शुरुआत की। जानकारी के मुताबिक कुल 561 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा के लिए भेजे गए थे, जिनमें से पाकिस्तान हाई कमीशन द्वारा 541 श्रद्धालुओं को वीजा जारी किया गया, जबकि 20 श्रद्धालुओं की वीजा अर्जी तकनीकी कारणों से स्वीकृत नहीं हो सकी।
धर्म प्रचार कमेटी के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने बताया कि पाकिस्तान में 18 जून को श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस से संबंधित मुख्य धार्मिक समागम आयोजित किए जाएंगे। यह जत्था विभिन्न ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने के बाद इन समागमों में शामिल होगा और अपनी यात्रा पूरी कर 19 जून को भारत वापस लौटेगा। इस जत्थे की अगुवाई एसजीपीसी सदस्य भूपिंदर सिंह भलवान कर रहे हैं, जबकि गुरमीत सिंह बाहू को उप-आगू नियुक्त किया गया है। अपनी इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु गुरुद्वारा जन्म स्थान ननकाना साहिब, गुरुद्वारा पंजा साहिब और गुरुद्वारा करतारपुर साहिब सहित कई ऐतिहासिक गुरुधामों में माथा टेकेंगे और धार्मिक समागमों में हिस्सा लेंगे।
इस धार्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं और उनके परिवारों में भारी उत्साह और भावुकता देखने को मिल रही है। श्रद्धालुओं ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि विभाजन के बाद सरहद पार छूटे इन पवित्र स्थलों के दर्शन करना उनके जीवन का एक बड़ा सपना था, जो अब गुरु साहिब की कृपा से पूरा होने जा रहा है। मोगा से आए श्रद्धालु मेजर सिंह ने बताया कि वह पहली बार इस यात्रा पर जा रहे हैं और उनका पूरा परिवार इसे लेकर बेहद उत्साहित है। वहीं, प्रसिद्ध लेखक और समाजसेवी लखविंदर सिंह लखा सलेमपुरी ने कहा कि वर्षों से जिन गुरुधामों के दर्शन की अरदास वे रोज करते आ रहे थे, आज वह अवसर साक्षात प्राप्त हुआ है।
#AttariBorder #SGPCJatha #PakistanGurudwaraYatra #GuruArjanDevJi #ShaheediDiwas2026 #KartarpurSahib #NankanaSahib #SikhPilgrims #Danikkhabar
Previous
रोहतक: पिस्तौल की नोंक पर कलानौर के युवक का अपहरण कर लाठी-डंडों से पीटा, वीडियो बनाने वाला एक और आरोपी सुमित गिरफ्तार
Next