12/05/26

14 मई को फतेहाबाद में होगी बाढ़ बचाव मॉक एक्सरसाइज, आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखा जाएगा

अभिकान्त, 12 मई हरियाणा : प्रदेश में संभावित बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा गुरुवार, 14 मई को राज्य के 13 जिलों में व्यापक स्तर पर सुबह 9 बजे बाढ़ बचाव मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इस अभियान के तहत फतेहाबाद जिला में भी बाढ़ बचाव को लेकर विशेष अभ्यास किया जाएगा।

हरियाणा की अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं वित्तायुक्त राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग डॉ. सुमिता मिश्रा ने इस संबंध में संबंधित विभागों और संबंधित जिलों के उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित कर विस्तृत रणनीति और कार्य योजना तैयार की गई। बैठक में आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों के संचालन, विभागीय समन्वय, संचार व्यवस्था, संसाधनों की उपलब्धता तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।



मॉक एक्सरसाइज होगी आपसी सामंजस्य के साथ:

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के चेयरमैन एवं डीसी डॉ. विवेक भारती ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में आपदा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर जिला स्तर की तैयारियों की समीक्षा की। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉक एक्सरसाइज को पूरी गंभीरता, अनुशासन और समन्वय के साथ संपन्न करवाया जाए ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में विभागों के बीच तालमेल स्थापित करना तथा कम से कम समय में लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था को परखना है।



नई सब्जी मंडी परिसर होगा स्टेजिंग एरिया:


डीसी ने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित नई सब्जी मंडी परिसर स्टेजिंग एरिया रहेगा जहां से मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसमें बाढ़ जैसी काल्पनिक आपदा की स्थिति तैयार कर लघु सचिवालय परिसर की बिल्डिंग कॉलेप्स व नागरिक अस्पताल परिसर में राहत एवं बचाव कार्यों का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा। विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों की ड्यूटियां निर्धारित कर दी गई हैं तथा आवश्यक संसाधनों और उपकरणों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। आपदा की स्थिति के मद्देनजर जिला आपदा ऑपरेशन सेंटर लघु सचिवालय फतेहाबाद के वीसी रूम में सेटअप किया जाएगा। डीसी ने बताया कि एडीसी अनुराग ढालिया मॉक एक्सरसाइज के ओवर आल इंचार्ज होंगे।

मॉक ड्रिल के दौरान रेस्क्यू ऑपरेशन, प्राथमिक उपचार, राहत सामग्री वितरण, आपातकालीन संचार व्यवस्था, प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने तथा चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाने जैसे विभिन्न पहलुओं का अभ्यास किया जाएगा। इसके साथ ही आपदा के समय आमजन को जागरूक करने और अफवाहों से बचने के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी।

डीसी डॉ. विवेक भारती ने कहा कि इस प्रकार की मॉक एक्सरसाइज भविष्य में आने वाली प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने में अत्यंत सहायक सिद्ध होती हैं। इससे विभागों की कार्यप्रणाली, प्रतिक्रिया समय और आपसी समन्वय का परीक्षण होता है तथा संभावित कमियों की पहचान कर उन्हें समय रहते दूर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।


बैठक में पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर, एसडीएम राजेश कुमार, एसडीएम रतिया सुरेंद्र सिंह, सीईओ डीआरडीए सुरेश कुमार, डीएमसी प्रवीण कुमार, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभात कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, नगर परिषद, बिजली निगम, अग्निशमन विभाग, शिक्षा विभाग, रेडक्रॉस, एनडीआरएफ तथा एसडीआरएफ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

#FloodMockDrill #HaryanaFloodRelief #DisasterManagement #FatehabadNews #HaryanaSarkar #RescueOperation #SDMA #NDRF #PublicSafety #EmergencyPreparedness #AmbalaCanttNews #ViksitHaryana #Danikkhabar

Previous

गवर्नमेंट मिडिल स्कूल बाड़ा में योग और आयुर्वेद का संगम: नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में 52 विद्यार्थियों ने जांच करवाई

Next

अधिकारी समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली शिकायतों का शीघ्र करें निपटान : नगराधीश प्रीति रावत