होली पर अंबाला पुलिस का 'सख्त पहरा': 800 जवान और 70 नाके तैनात, हुड़दंगबाजों को एसपी की सीधी चेतावनी
जे कुमार अंबाला, 2 मार्च 2026: रंगों के त्योहार होली पर शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अंबाला पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री अजीत सिंह शेखावत के कड़े निर्देशों के बाद जिले में सुरक्षा का ऐसा चक्रव्यूह तैयार किया गया है कि हुड़दंगबाजों के लिए बचना नामुमकिन होगा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
सुरक्षा का अभेद्य घेरा और आधुनिक निगरानी जिलेभर में 70 विशेष पुलिस नाके लगाए गए हैं, जहां 800 से अधिक पुलिसकर्मी हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रखेंगे। सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए सीआईए (CIA) की 8 टीमें लगातार गश्त पर रहेंगी। खास बात यह है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में खुफिया विभाग के कर्मचारी सिविल ड्रेस में तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या छेड़छाड़ करने वाले तत्वों को रंगे हाथों पकड़ा जा सके। पीसीआर, राइडर और दुर्गा शक्ति की टीमें भी गलियों और बाजारों में एक्टिव मोड पर रहेंगी, जबकि पुलिस लाइन में रिजर्व फोर्स को किसी भी आपात स्थिति के लिए 'स्टैंडबाय' पर रखा गया है।
भाईचारे की अपील और सख्त हिदायत पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से प्रेम और सौहार्द के साथ 'इको-फ्रेंडली' होली मनाने की अपील की है। सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील इलाकों में विशेष फ्लैग मार्च और निगरानी के आदेश दिए गए हैं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि जबरदस्ती रंग डालना, शराब पीकर वाहन चलाना या शोर-शराबा कर शांति भंग करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। नागरिकों की सहायता के लिए डायल-112 सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।
#AmbalaPolice #HoliSecurity #SafeHoli #AmbalaNews #DrugFreeHoli #HaryanaPolice #AjeetSinghShekhawat #HoliAlert #LawAndOrder #Dial112