आर्य कॉलेज में राष्ट्रीय युवा दिवस पर 'स्वदेशी संकल्प दौड़' का आयोजन; स्वामी विवेकानंद 64वीं जयंती पर कार्यक्रम आयोजित
जे कुमार अम्बाला छावनी, 13 जनवरी 2026: आर्य कॉलेज, अम्बाला छावनी के प्रांगण में आज स्वामी विवेकानंद जी की 164वीं जयंती के अवसर पर एन.सी.सी., एन.एस.एस. व लीगल लिट्रेसी सेल द्वारा 'स्वदेशी संकल्प दौड़' और 'स्वदेशी संकल्प सभा' का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंजु बाला ने विद्यार्थियों को हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद सही मायनों में भारत के पहले ग्लोबल यूथ थे, जिनका प्रभाव आज भी पूरे विश्व में महसूस किया जाता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और टीम भावना विकसित होती है।
राष्ट्रीय युवा दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए डॉ. सिल्वी अग्रवाल ने बताया कि विवेकानंद जी की जयंती प्रतिवर्ष 12 जनवरी को मनाने का मुख्य उद्देश्य युवाओं में आत्मविश्वास और अनुशासन का संचार करना है। 'रन फॉर स्वदेशी' नामक इस दौड़ में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और स्वदेशी अपनाने के नारे लगाकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। लीगल लिट्रेसी सेल प्रभारी श्रीमती सिल्वी अग्रवाल ने स्वामी जी के प्रसिद्ध संदेश "तुम्हें खुद पर विश्वास होना चाहिए, तभी दुनिया तुम पर विश्वास करेगी" को दोहराते हुए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान लीगल लिट्रेसी सेल की ओर से एक विशेष वार्ता का आयोजन भी किया गया, जिसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) से आईं एडवोकेट अमिता वर्मा ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और लैंगिक समानता जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए और डीएलएसए द्वारा दी जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता सेवाओं के बारे में जागरूक किया। इसी कड़ी में एन.एस.एस. पी.ओ. डॉ. अमनदीप मक्कड़ ने बताया कि वर्ष 2026 की थीम युवाओं की शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास पर केंद्रित है, ताकि भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित हो सके।
अंत में, एन.सी.सी. सी.टी.ओ. डॉ. पंकज धांगड़ ने स्वामी विवेकानंद जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यदि युवा उनके चरित्र और सीखों का एक छोटा सा हिस्सा भी अपने जीवन में उतार लें, तो उन्हें सफल होने से कोई नहीं रोक सकता। इस गौरवशाली अवसर पर महाविद्यालय का समस्त टीचिंग व नॉन-टीचिंग स्टाफ उपस्थित रहा और सभी ने मिलकर स्वामी जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
#NationalYouthDay2026 #SwamiVivekananda #AryaCollegeAmbala #AmbalaCantt #YouthEmpowerment #SwadeshiSankalp #CyberSecurity #LegalLiteracy #NCC #NSS #NationalPride #ViksitBharat