27/03/25

अयोध्या में 6 अप्रैल को होगा रामलला का सूर्य की किरणों से तिलक

उत्तर प्रदेश, 27 मार्च (अभी) : रामनगरी अयोध्या में रामनवमी के पर्व को भव्य और दिव्य मनाने की तैयारी शुरू हो गई है. 6 अप्रैल को रामनवमी के दिन भगवान राम का सूर्य की किरणों से तिलक किया जाएगा. दोपहर 12 बजे होने वाले इस अलौकिक आयोजन की तैयारी के लिए CBRI रुड़की से वैज्ञानिकों की टीम भी पहुंच गई है.

इसके अलावा पूरी रामनगरी को भव्य तरीके से सजाया जा रहा है. श्रद्धालुओं को तेज धूप और भीषण गर्मी में कोई परेशानी न हो इसके लिए अस्थाई कैनोपी, दर्शन पथ पर मैट बिछाए जाने के साथ 50 से अधिक पंखे और कूलर की व्यवस्था की जा रही है. पीने के पानी की भी भरपूर व्यवस्था की जा रही है.

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि रामनवमी को लेकर राम जन्मभूमि परिसर में साज सज्जा की तैयारी शुरू हो गई है. दर्शन पथ से लेकर राम मंदिर तक लाइट से सजाने के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं. दीपों के बीच से इलेक्ट्रिक लाइटों की रोशनी पूरे मंदिर को जगमग करेगी.

इसके साथ ही दर्शन पथ पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाए जाने का कार्य भी प्रारंभ हो गया है, जिसमें दर्शन पथ (श्री राम जन्मभूमि पथ) पर मैटिंग बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है. इसके अलावा श्रद्धालुओं को पीने के पानी के लिए पूरे पथ पर लगभग 200 टोटियां लगाई जा रही हैं. इसके अलावा जगह-जगह कूलर लगाए जाएंगे. परिसर की भव्य साज-सज्जा की जाएगी, लाइटिंग भी होगी. रामजन्मभूमि पथ के प्रवेश द्वार की साज सज्जा होगी.

Previous

पत्रकारिता में सजग और जागरूक रहना जरूरी, अच्छे पत्रकारों की समाज को जरूरत

Next

शिक्षा से खुलती है विकास की राहें —विकसित भारत के लिए मिलकर करें कार्य