02/03/25

खनौरी बाॅर्डर पर 5 मार्च को भूख हड़ताल करेंगे 100 किसान, देश भर के किसानों से की अपील

पंजाब, 02 मार्च (अभी): शंभू और खनौरी बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन को एक साल पूरे हो चुके हैं। इस बीच, केंद्र सरकार के साथ बातचीत का दौर भी शुरू हो चुका है। दो दौर की बैठकें भी हो चुकी हैं। अब अगली बैठक 19 मार्च को तय है। वहीं, किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन रविवार को दातासिंहवाला-खनौरी मोर्चे पर 97वें दिन में दाखिल हो गया। किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने बताया कि 5 मार्च को जगजीत सिंह डल्लेवाल के आमरण अनशन के 100 दिन पूरे होने जा रहे हैं। इस दिन खनौरी बार्डर पर 100 किसान एक दिन की सांकेतिक भूख हड़ताल करेंगे।


देशभर के किसानों से एक दिन अनशन करने की अपील

किसान नेता अभिमन्यु ने देशभर में जिला व तहसील स्तरों पर किसानों को पांच मार्च को एक दिन की सांकेतिक भूख हड़ताल करने की अपील की। किसान नेताओं ने कहा कि 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर एमएसपी गारंटी कानून के मुद्दे पर दातासिंहवाला-खनौरी, शंभू एवं रत्नपुरा किसान मोर्चों पर महिला पंचायतें आयोजित की जाएंगी। इन पंचायतों में स्टेज संचालन से लेकर सभी बड़ी जिम्मेदारियां महिलाएं संभालेंगी। महिला वक्ता ही मंच से एमएसपी की गारंटी कानून पर अपने विचार व्यक्त करेंगी। किसान नेताओं ने कहा कि मार्च महीने में देशभर में प्रदेश स्तर पर एमएसपी गारंटी कानून के मुद्दे पर महापंचायत की जाएंगी।

Previous

भारत को अब सपेरों का देश नहीं कहा जाता, बल्कि यह विश्व के सभी लोगों के लिए अपनी क्षमता से पूरे विश्व को आकर्षित कर रहा है-उपराष्ट्रपति

Next

जालंधर में नशा तस्कर के घर पर चला बुलडोजर, महिला तस्कर पर भी होगी कार्रवाई