16/05/25

चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न कराने से पहले चुनाव आयोग राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से कर रहा है सीधा संवाद , अब तक की जा चुकी हैं 4719 बैठकें

चंडीगढ़, 16 मई (अभी): हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री पंकज अग्रवाल ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग लोकसभा व राज्यों की विधानसभा से जुड़ी चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष व पारदर्शी बनाने की दिशा में निरंतर नई पहल कर रहा है और राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद कर रहा है।

 

उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधु तथा निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने 15 मई 2025 को निर्वाचन सदन में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक श्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत की।

 

उन्होंने कहा कि इससे पूर्व आयोग बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष कुमारी मायावती (06 मई 2025), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा (08 मई 2025), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव श्री एम.ए. बेबी (10 मई 2025) और नेशनल पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष श्री कॉनराड संगमा (13 मई 2025) के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडलों से भी मुलाकात कर चुका है।

 

उन्होंने बताया कि त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार करने तथा राष्ट्रीय व राज्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों व अन्य हितधारकों के साथ 4719 बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में 40 बैठकें मुख्य निर्वाचन अधिकारी, मुख्य अधिकारी कार्यालय द्वारा 800 बैठकें जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा तथा 3879 चुनाव पंजीयन अधिकारियों द्वारा ली गई। इन बैठकों में विभिन्न राजनैतिक दलों के 28 हजार से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

 

उन्होंने कहा कि आयोग की इस पहल का मुख्य उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को वर्तमान लीगल फ्रेमवर्क में सभी स्टेकहोल्डर के साथ और अधिक सशक्त करना है।

Previous

हरियाणा में दो एचसीएस अधिकारियों के तबादले

Next

जन संवाद पोर्टल व सीएम विंडो शिकायतों की समीक्षा बैठक में बड़ा एक्शन , शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अभियंता निलंबित