जून जला रहा है: दिल्ली में पारा 43 डिग्री के पार, तीन दिन लू का यलो अलर्ट
नई दिल्ली, 09 जून (अभी): जून में सूरज अपने तल्ख तेवर दिखा रह है। मौसम विभाग ने 12 जून तक के लिए लू का यलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को चिलचिलाती गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को लोधी रोड, सफदरजंग, आयानगर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली का वास्तविक अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो औसत से 3.4 डिग्री अधिक रहा। इस बीच, मौसम विभाग ने 12 से 14 जून तक बारिश की संभावना जताई है।
वहीं दिल्ली से सटे फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के अनुसार, सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं आर्द्रता का स्तर 41 प्रतिशत तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने लोगों को दिन के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मंगलवार को फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा और धूप तेज पड़ेगी। हल्की सतही हवाएं चलेगी, लेकिन इससे गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उमस भरी गर्मी लोगों को और ज्यादा परेशान कर सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों को धूप में ज्यादा समय न बिताने, हल्के और ढीले कपड़े पहनने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और बुजुर्गों एवं बच्चों का खासतौर पर ध्यान रखने की सलाह दी है।