शिमला सहित कई जिलों में तेज बारिश, 4 जून तक ऐसा ही रहेगा मौसम
हिमाचल, 30 मई (अभी): माैसम विभाग के अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला सहित अन्य क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई है। शिमला में सुबह से रुक-रुककर भारी बारिश जारी रही। इससे शहर में जगह-जगह सड़कों पर जलभराव हो गया। नाले उफान पर आ गए। कई जगह सड़कों व पैदल रास्तों पर मलबा जमा हो गया है। भारी बारिश के तेज हवाओं के चलते विद्यार्थियों, कर्मचारियों व अन्य लोगों को गंतत्व तक पहुंचने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा। धर्मशाला में भी सुबह भारी बारिश हुई और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि दर्ज की गई।
ऊना जिले में गुरुवार देर रात रात मौसम ने अचानक से करवट बदली है। इस दौरान जिले के कई स्थानों पर अंधड़ के साथ बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार सुबह से ही जिले भर में अंधड़ चला। सोलन जिले में सुबह करीब 7:00 बजे से बारिश शुरू हुई। इससे मौसम ठंडा हो गया है। बारिश के चलते सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को आई। सुबह अभिभावकों को बच्चे बारिश में स्कूल छोड़ने पड़े। हालांकि, इससे किसानों और बागवानों को राहत मिली है। नकदी फसलों के लिए बारिश की जरूरत थी।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 31 मई को कांगड़ा, चंबा, मंडी और कुल्लू, जबकि 1 जून को सोलन, सिरमौर और शिमला जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दाैरान अंधड़ चलने का अलर्ट भी है। अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट है। प्रदेश के कई भागों में 5 जून तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है। 30 मई से 3 जून के दौरान राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 4 और 5 जून को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद, अगले 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं। इसके बाद अगले 4-5 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
कुल्लू। जिला कुल्लू में मौसम ने करवट लेते हुए किसानों को राहत दी है। रोहतांग दर्रा, ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क व लाहौल की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है। जबकि जिला कुल्लू में भारी बारिश बारिश हुई। लाहौल के निचले इलाकों में भी बादल जमकर बरसे हैं। इससे आलू की बिजाई कर रहे किसानों के लिए संजीवनी बनी है।
चंबा जिले में मौसम के बदले मिजाज के बाद हल्की बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत प्रदान की। वहीं विकास खंड सलूणी के अधीन आने वाले खड़कौटा में दर्शन कुमार के मकान की छत अंधड़ से उड़कर खेतों में जा गिरी। गनीमत, ये रही कि मकान की छत उड़ने के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने के बाद प्रभावित परिवार ने संबंधित क्षेत्रीय पटवारी, पंचायत प्रतिनिधियों को सूचित किया।