विनेश फोगाट ने किया 4 करोड़ रुपये लेने का फैसला, हरियाणा सरकार ने दिए थे तीन ऑप्शन
चंडीगढ़, 10 अप्रैल (अभी): हरियाणा विधानसभा की सदस्य और पूर्व ओलंपिक रेसलर विनेश फोगाट ने सैनी सरकार की ओर से ऑफर किए गए चार करोड़ लेने का फैसला किया है। हरियाणा की स्टेट स्पोर्टस पॉलिसी के तहत विनेश को तीन विकल्प दिए गए थे, जिसमें से उन्होंने कैश लेने पर रजामंदी दी। उन्होंने मंगलवार को स्पोर्टस डिपार्टमेंट को पत्र लिखकर अपने फैसले की जानकारी दी।
सरकार ने दिए थे तीन विकल्प
विधानसभा चुनाव के बाद यह कयास लगने लगे थे कि बीजेपी सरकार अपने वादे को पूरा करने में रुचि नहीं दिखाएगी। 25 मार्च को हरियाणा कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें सैनी सरकार ने वादे के मुताबिक विनेश फोगाट को ओलंपिक के सिल्वर मेडल विजेता की तरह सुविधा देने का फैसला किया। स्टेट स्पोर्टस पॉलिसी के तहत विनेश फोगाट को तीन विकल्प दिए गए। पहला, चार करोड़ नकद राशि, दूसरा ग्रुप ए की सरकारी नौकरी और तीसरा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के तहत एक प्लॉट।
चार करोड़ की धनराशि चुनीं
हरियाणा सरकार अपनी पॉलिसी के तहत ओलंपिक मेडलिस्ट को खेल विभाग में डिप्टी डायरेक्टर-लेवल का पद देती है। कैबिनेट की बैठक के बाद सीएम सैनी ने कहा था कि चूंकि विनेश फोगाट अब एक विधायक हैं, इसलिए सरकार ने उनसे यह पूछने का फैसला किया है कि वह कौन सा लाभ लेना चाहेंगी। फोगाट फैमिली के एक सदस्य ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को खेल विभाग को पत्र लिखकर अपने फैसले के बारे में बता दिया है। उन्होंने पहले विकल्प चार करोड़ की धनराशि को चुना है। बताया गया है कि विनेश फोगाट अभी एमएलए हैं, इसलिए वह सरकारी नौकरी नहीं कर सकती हैं। नकद पुरस्कार से उन्हें अपनी जरूरत के अनुसार प्लॉट खरीदने की आजादी मिलेगी।