पूर्व सीएम ओपी चौटाला की रसम पगड़ी में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा एवं महामहिम राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंचे।
चंडीगढ़, 31 दिसंबर (अभी) - सिरसा के चौटाला गांव में आज हरियाणा के पांच बार मुख्यमंत्री रहे ओमप्रकाश चौटाला की रस्म पगड़ी और श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस भव्य आयोजन में हजारों लोगों ने पहुंचकर हरियाणा के इस लौह पुरुष को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, हरियाणा के गवर्नर बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री नायब सैनी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए।
चौटाला गांव के चौधरी साहिब राम स्टेडियम में वाटरप्रूफ पंडाल लगाया गया, जहां श्रद्धांजलि सभा के लिए अलग-अलग मंच बनाए गए थे। सभा में भाग लेने वाले लोगों के लिए 10,000 लोगों के खाने का इंतजाम किया गया था। इसके साथ ही गाय पूजन की रस्म मृतक की बड़ी बहू नैना चौटाला ने निभाई।
चौटाला साहब के प्रति जनता की भावनाएं
श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी भीड़ इस बात का प्रमाण थी कि ओपी चौटाला न केवल एक नेता थे, बल्कि हरियाणा की जनता के दिलों में बसने वाले व्यक्तित्व थे। उनकी प्रेरणा से लाखों कार्यकर्ता और नेता प्रेरित हुए। यह कार्यक्रम उनके जीवन और योगदान को सम्मानित करने का एक भव्य आयोजन रहा, जिसमें उनके विचारों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।