20/05/25

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के काम ने पकड़ी तेजी, 300 किलोमीटर लंबा पुल तैयार

नई दिल्ली, 20 मई (अभी): भारत की पहली बुलेट ट्रेन अब हकीकत बनने के और करीब पहुंच गई है.रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को सोशल प्लेटफार्म X पर एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के लिए 300 किलोमीटर लंबा वायाडक्ट तैयार हो चुका है. ये बड़ी कामयाबी गुजरात के सूरत के पास 40 मीटर लंबे बॉक्स गर्डर को सफलतापूर्वक लांच करने के बाद हासिल हुई है.

इस 300 किमी के स्ट्रक्चर में से 257.4 किमी का निर्माण फुल स्पैन लॉचिंग तकनीक से किया गया है जिससे काम बहुत तेजी से हुआ.इस दौरान कई नदी पुल, स्टील और पीएससी ब्रिज, और स्टेशन बिल्डिंग भी बनी हैं. अब तक इस प्रोजेक्ट में 383 किलोमीटर पियर्स, 401 किमी फाउंडेशन और 326 किमी गर्डर कास्टिंग पूरी हो चुकी है. इस बुलेट ट्रेन रूट पर कुल 12 स्टेशन बन रहे हैं और उन पर काम युद्धस्तर पर जारी है. गुजरात में लगभग 157 किलोमीटर ट्रैक बेड भी बिछाया जा चुका है.


भारत में बनाए जा रहे हैं ज्‍यादातर उपकरण

इस प्रोजेक्ट में ज्यादातर उपकरण जैसे लॉन्चिंग गैंट्री, ब्रिज गैंट्री और गर्डर ट्रांसपोर्टर्स भारत में ही बनाए गए हैं जिससे साफ है कि भारत अब हाई-स्पीड ट्रेन टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भर बन रहा है. फुल-स्पैन तकनीक से निर्माण की रफ्तार 10 गुना तक बढ़ गई है.हर एक स्पैन गर्डर करीब 970 टन वजनी होता है.साथ ही आवाज कम करने के लिए वायाडक्ट के दोनों ओर 3 लाख से ज्यादा नॉइज़ बैरियर भी लगाए गए हैं. महाराष्ट्र और गुजरात में बुलेट ट्रेन के लिए खास डिपो भी बन रहे हैं.

अगले साल अगस्‍त में बुलेट ट्रेन चलने की उम्‍मीद

अगर सब कुछ योजना के मुताबिक चला तो अगले साल की शुरुआत में जापान से शिंकासेन ट्रेन के कोच आ सकते हैं और अगस्त 2026 तक सूरत से बिलीमोरा के बीच बुलेट ट्रेन 350 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती नजर आ सकती है.

Previous

आगामी एक जून से 30 जून तक राज्य में सूरजमुखी की खरीद होगी, न्यूनतम समर्थन मूल्य 7280 रुपए प्रति क्विंटल

Next

सिविल जज बनने के लिए तीन साल बतौर वकील प्रैक्टिस जरूरी, सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला