जम्मू-कश्मीर में बादल फटने से भारी तबाही, रामबन जिले में 3 की मौत; 40 से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त
जम्मू-कश्मीर, 20 अप्रैल (अभी): रामबन जिला इस समय भयंकर प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है। लगातार भारी बारिश ने सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।
लगातार हो रही बारिश और लगातार हो रहे भूस्खलन ने हालात और खराब कर दिए हैं, जिससे लोग परेशान और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। रविवार को तड़के जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के एक गांव में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई, जिसके बाद 100 से ज्यादा लोगों को बचाया गया।
अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि लगातार बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर नाशरी और बनिहाल के बीच करीब एक दर्जन जगहों पर भूस्खलन और मिट्टी धंस गई, जिसके कारण यातायात को रोकना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि रामबन के सेरी बागना गांव में बादल फटने से तीन लोगों की मौत हो गई, जिसमें आकिब अहमद और मोहम्मद साकिब दो भाई भी शामिल हैं।