दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में 'यमुना सफाई यज्ञ' का शुभारंभ, 28 घाटों पर व्यापक स्वच्छता अभियान प्रारंभ
अभिकान्त, 14 जून नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त और स्वच्छ बनाने के लिए अपने वादे को धरातल पर उतारते हुए आज से एक बड़ा सफाई अभियान शुरू कर दिया है। 'यमुना सफाई यज्ञ - स्वच्छ यमुना मेरा कर्तव्य' नाम के इस महाअभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उनकी पूरी कैबिनेट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सभी सांसदों और वरिष्ठ भाजपा नेताओं की अगुवाई में दिल्ली के 28 अलग-अलग यमुना घाटों पर एक साथ की गई। इस वृहद जन अभियान में 500 से अधिक गैर-सरकारी संगठनों के कार्यकर्ताओं और हजारों स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
महाअभियान के तहत सुबह ठीक 6:00 बजे विभिन्न घाटों पर नेताओं और आम जनता का भारी संख्या में जुटना शुरू हो गया था। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद गीता कॉलोनी के पास स्थित यमुना घाट पर पहुंचकर सफाई अभियान की कमान संभाली। मुख्यमंत्री ने वहां श्रमदान करते हुए यमुना के किनारे बिखरा कूड़ा-करकट, सूखी घास और पानी में फैली जलकुंभी को अपने हाथों से निकाल कर कचरा थैलों में डाला। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जनता से इस कार्य में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की और कहा कि यह अभियान सिर्फ एक दिन का नहीं है बल्कि इसे निरंतर चलते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सभी लोगों को यह संकल्प लेना चाहिए कि वे यमुना में कूड़ा-करकट, पूजन सामग्री आदि न डालें और इसकी सफाई में अपना नियमित योगदान दें।
सरकार और संगठन के अन्य बड़े चेहरों ने भी दिल्ली के विभिन्न प्रमुख घाटों पर इस अभियान का कुशल नेतृत्व किया। इसी क्रम में दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने भी एक प्रमुख यमुना घाट पर पूरी टीम के साथ मोर्चा संभाला और नदी तट से भारी मात्रा में कचरा साफ किया। वहीं दूसरी ओर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने यमुना बैंक के पास आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाग लिया और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर श्रमदान किया।
इस पूरे अभियान को सामाजिक और नागरिक स्तर पर भी अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। सुबह से ही निर्धारित सभी 28 स्थानों पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, पर्यावरणविदों और स्थानीय स्वयंसेवकों के दल डटे रहे। दिल्ली सरकार का मुख्य लक्ष्य इस व्यापक अभियान के जरिए यमुना की दशा में सुधार लाने के साथ-साथ आम जनता को नदी के संरक्षण और उसके प्रति उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है ताकि दिल्ली की जीवनदायिनी यमुना को पुनः स्वच्छ और निर्मल स्वरूप में लौटाया जा सके।
#YamunaCleanlinessDrive #CMRekhaGupta #CleanYamuna2026 #DelhiGovt #HarshMalhotra #VijenderGupta #SwachhYamuna #DelhiNews #Danikkhabar
Previous
अमरनाथ यात्रा को लेकर पंजाब में सुरक्षा सख्त, पठानकोट-हिमाचल सीमा पर नाका लगाकर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू
Next