दैनिक खबर: आज 26 अगस्त , 2026 के शाम 6 बजे के मुख्य समाचार
भारत ने वाहक-6 मल्टी-ड्रोन मदरशिप सिस्टम तैयार किया:
भारत की रक्षा क्षमता को मजबूत करने के लिए स्वदेशी ‘वाहक-6’ मल्टी-ड्रोन मदरशिप प्रणाली विकसित की गई है, जो बिना जीपीएस के भी निगरानी, लक्ष्य की पहचान और दुश्मन के ठिकानों को तबाह करने में पूरी तरह सक्षम है।
डीके शिवकुमार बोले-कर्नाटक में वंदेमातरम के 2 पैरे ही गाए जाएंगे: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि राज्य के सरकारी कार्यक्रमों में वंदे मातरम के केवल दो छंद ही गाए जाएंगे, और भाजपा इस मामले में अनावश्यक रूप से तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है।
जेन अल्फा और जेन-जी तक पहुंच बनाएगा चुनाव आयोग:
चुनाव आयोग ने 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले जेन अल्फा और जेन-जी युवाओं को जागरूक वोटर बनाने के लिए देश भर के स्कूलों और कॉलेजों के स्टूडेंट्स को जोड़ने का नया अभियान शुरू किया है।
बिहार में 21 मजदूरों से भरी नाव पलटी:
बिहार के भागलपुर में गंगा नदी में कटाव रोकने के लिए रेत की बोरियां डाल रहे 21 मजदूरों से भरी नाव पलटी; 20 सुरक्षित निकाले गए, जबकि एक लापता मजदूर की तलाश जारी।
लोकसभा सचिवालय ने 20 बागी TMC सांसदों को नोटिस भेजे:
लोकसभा सचिवालय ने तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी द्वारा दाखिल दल-बदल कानून के तहत अयोग्यता याचिका पर 20 बागी सांसदों को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब मांगा है।
नेपाल में बाढ़ से तबाही, 17 मौतें, 105 भारतीय लापता:
तिब्बत से आई अचानक बाढ़ के कारण नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ने से हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट बह गया और 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घर क्षतिग्रस्त हुए हैं।
इस्लामाबाद के सरकारी अस्पताल में आग; 15 बच्चे जिंदा जले:
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के पिंग्स अस्पताल के स्त्री रोग वार्ड की नर्सरी में बुधवार को अचानक भीषण आग लगने से 15 नवजात बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि केवल एक बच्चा बच सका।
रूस में गैस प्लांट में भीषण आग लगने से 6 चीनी नागरिकों समेत 7 लोगों की मौत;
रूस के सुदूर पूर्वी अमूर इलाके में स्थित गैस केमिकल कॉम्प्लेक्स में मंगलवार को लगी भीषण आग में छह चीनी नागरिकों सहित सात लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
अमेरिका के मोंटाना में 8 रिश्तेदारों को गोलियों से भूना, मृतकों में चार बच्चे;
अमेरिका के मोंटाना राज्य के बिलिंग्स शहर में रविवार को डिनर के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना में एक व्यक्ति ने चार बच्चों समेत एक ही परिवार की चार पीढ़ियों के आठ रिश्तेदारों की हत्या कर खुदकुशी कर ली।
DTC बस ड्राइवर बनकर छिपा था मनचला:
द्वारका जिला पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ के मामले में अदालत द्वारा वर्ष 2025 में घोषित भगोड़े अपराधी कमल को आनंद विहार बस अड्डे से गिरफ्तार किया है, जो अपनी पहचान छिपाकर डीटीसी बस चालक के रूप में रह रहा था।
आधुनिक होगा दिल्ली चिड़ियाघर:
दिल्ली चिड़ियाघर के प्रवेश क्षेत्र को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने के लिए केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने करीब 58 करोड़ रुपये की निविदा जारी की है, जिसके तहत नया वाहन क्षेत्र, पार्किंग, प्रवेश द्वार और कैफेटेरिया का निर्माण होगा।
भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का कमाल:
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 17 जुलाई को उद्घाटित देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन सेल-संचालित यात्री ट्रेन जींद-सोनीपत मार्ग पर अब तक 6,000 किलोमीटर की दूरी तय कर चुकी है।
रक्षाबंधन से शुरू फेस्टिव सीजन में ऑनलाइन शॉपिंग पर ठगी का साया:
रक्षाबंधन पर ऑनलाइन खरीदारी के दौरान फर्जी डिस्काउंट और ऑफर्स से सावधान रहें; 14सी और आरबीआई ने साइबर फ्रॉड से बचने के लिए विशेष चेतावनी जारी की है।
बीच बाजार डंपर ने 2 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को कुचला:
हरियाणा के फरीदाबाद में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को कुचलकर मार डाला, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई; पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सफाईकर्मियों ने पुलिस पर फेंका कूड़ा:
हरियाणा के झज्जर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान कूड़ा उठाने पहुंची प्रशासन और पुलिस की टीम पर कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए गंदगी फेंकी, जिसके बाद पुलिस ने करीब 60 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
हरियाणा में पूर्व सैनिकों की भर्ती की तैयारी:
हरियाणा सरकार ने पहला अग्निवीर बैच रिटायर होने से पहले ही पूर्व सैनिकों के लिए सीधी भर्ती कोटे में आरक्षित पदों की उपलब्धता का ब्योरा जुटाकर क्षैतिज आरक्षण देने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
नूंह पुलिस ने पकड़ी 3.15 करोड़ की हेरोइन:
नूंह पुलिस के सीआईए तावड़ू ने नलहड़ रोड पर अमरनाथ कॉलोनी के पास एक कार से अंतरराष्ट्रीय बाजार में तीन करोड़ पंद्रह लाख रुपये कीमत की 1 किलो 597 ग्राम हेरोइन बरामद कर कोटला निवासी वाजिद को गिरफ्तार किया है।
नूंह में रिश्वत लेते दो कर्मचारी रंगेहाथ अरेस्ट: हरियाणा एसीबी ने नूंह जिले में बिजली विभाग के फोरमैन को 14 हजार और चरखी दादरी में ग्रुप डी कर्मचारी को 9 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
सफाई कर्मचारियों ने बाजारों में निकाला रोष मार्च:
नगर परिषद के सफाई और फायर कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को 20वें दिन भी जारी रही; प्रधान सेवाराम बोहत के नेतृत्व में कर्मचारियों ने छावनी के बाजारों में प्रदर्शन कर जनता से समर्थन मांगा।
फिन स्वीमिंग में सागर ने जीते 3 स्वर्ण पदक :
फरीदाबाद में आयोजित छठी हरियाणा राज्य स्तरीय फिन स्वीमिंग प्रतियोगिता में जीएमएन कॉलेज के बीए प्रथम वर्ष के छात्र सागर कलकल ने तीन स्वर्ण सहित कुल चार पदक जीतकर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है।
Next