23/01/25

समृद्धि, विरासत व विकास का अलौकिक दृश्य प्रस्तुत करेगी हरियाणा की झांकी

चंडीगढ़, 23 जनवरी (अभी): सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा के महानिदेशक के.एम. पांडुरंग ने बुधवार को आरआर कैंप, नई दिल्ली में हरियाणा की झांकी को मीडिया के समक्ष प्रस्तुत करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह में नई दिल्ली कर्त्तव्य पथ पर हरियाणा की झांकी प्रदेश की समृद्धि, विरासत और विकास का अलौकिक दृश्य प्रस्तुत करेगी।उन्होंने बताया कि हरियाणा की झांकी के अग्र भाग में कुरुक्षेत्र के पवित्र ज्योतिसर तीर्थ पर महाभारत युद्ध से पूर्व भगवान श्री कृष्ण द्वारा अर्जुन को गीता का उपदेश देने का चित्रण किया गया है। यह वह दिव्य संदेश है जो भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन के माध्यम से संपूर्ण मानव जाति को दिया था। यह भारत के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत में हरियाणा के स्थाई योगदान का प्रमाण है। झांकी के मध्य भाग में सूरजकुंड मेले से प्रेरित एक शिल्प गाड़ी को दर्शाया गया है जिसके माध्यम से हरियाणा की कला व हस्तशिल्प का प्रदर्शन किया गया है। शिल्प गाड़ी के पीछे ‘हरियाणवी ताऊ’ को लैपटॉप पर काम करते हुए दिखाया गया है जो इस बात को दर्शाता है कि आज हरियाणा का किसान सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग अपने दैनिक जीवन और खेती को समृद्ध करने के लिए कर रहा है और ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ जैसे पोर्टल के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ उठा रहा है तथा फसलों के भाव भी अपने लैपटॉप पर ऑनलाइन देखता है। 

‘हरियाणवी ताऊ’ के पास स्कूल की वर्दी में दो लड़कियों को दिखाया गया है जो हरियाणा की महिला सशक्तिकरण और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे कार्यक्रमों के कारण आई लैंगिक समानता का प्रतीक हैं।इस बार हरियाणा की झांकी ‘समृद्ध हरियाणा-विरासत और विकास’ थीम पर चयनित हुई है जिसका निर्माण कार्य रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय रंगशाला कैंप में पूर्ण हुआ है। उन्होंने बताया कि हरियाणा भौगोलिक दृष्टि से बहुत छोटा राज्य होने के बावजूद देश के उद्योग, कृषि, खेल और विविध प्रकार के राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय व्यवसायों के विकास के लिए सदैव अग्रणी पंक्ति में रहता है। हरियाणा राज्य ने भारत को ‘विकसित भारत’ बनाने के स्वप्न को साकार करने के लिए आधारभूत संरचना तैयार करने सहित कई मील के पत्थर स्थापित किए हैं।


Previous

पराक्रम दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की

Next

ओवर लोडिंग भ्रष्टाचार की मां जिससे भ्रष्टाचार पैदा होता है, इससे कई लोगों की कोठियां व महल बन गए, इस बुराई की जड़ को हम खत्म करेंगे : ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज