21/01/25

वीटा उत्पादों की संख्या में होगी बढोतरी, ब्रांडिंग पर रहेगा जोर - सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डाॅ अरविंद शर्मा

सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने मंगलवार हरियाणा सिविल सचिवालय पांचवें तल स्थित कांफ्रेंस कक्ष में हरियाणा डेयरी विकास फेडरेशन के एमडी रोहित यादव, महाप्रबंधक व 6 वीटा प्लांटों के सीईओ के साथ समीक्षा बैठक की। तकरीबन दो घंटे चली समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने सिलसिलेवार तरीके से वीटा उत्पादों, वीटा प्लांटों के संबंध में विस्तार से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री डाॅ अरविंद शर्मा ने कहा कि वीटा उत्पादों की रेंज को बढाया जाएगा, ताकि आमजन को अधिक से अधिक गुणवत्ता से परिपूर्ण उत्पाद उपलब्ध हो सकें। मधुमेह से पीड़ित लोगों के लिए शुगर फ्री प्रॉडक्ट बनाने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जींद प्लांट के घी की जनता में लगातार बढ रही मांग के आधार पर प्लांट की क्षमता बढाने के साथ-साथ घी की ब्रांडिंग की जाए। वीटा प्लांटों पर डिस्प्ले बोर्ड लगाते हुए सभी उत्पादों की जानकारी प्रदर्शित की जाए।सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि खाद्य उत्पादों की जांच के लिए करनाल में केंद्र सरकार की योजना में राष्ट्रीय डेयरी विकास प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश स्तरीय प्रयोगशाला करनाल के हरियाणा कोऑपरेटिव एक्सपोर्ट हाउस, एग्रो माॅल करनाल में स्थापित की जाएगी। इससे प्रदेश में लघु, सूक्ष्म व बडे उद्यमियों को लाभ मिलेगा और बेहतर तकनीक के साथ खाद्य उत्पादों की जांच समय पर हो सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूध उत्पादकों की सहूलियत का ध्यान रखा जाए और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न आने दी जाए। उन्होंने कहा कि हमें मिलकर वीटा उत्पादों पर आमजन का भरोसा बढाना है, इसके लिए हमें मिलकर काम करना होगा।

Previous

पंजाब: मोगा में गाय से भरे ट्रक को पुलिस ने किया काबू ट्रक चालक मौके से फरार

Next

प्रधानमंत्री सूर्य घर ऊर्जा योजना को हरियाणा में तेजी से लागू कर रहे – हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज