हरियाणा शिक्षा बोर्ड ने डी.एल.एड. छात्र-अध्यापकों को दिया मर्सी चांस
चंडीगढ़, 28 जनवरी (अभी) - हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष 2020 व 2021 के छात्र-अध्यापकों को फरवरी-2025 में संचालित होने वाली परीक्षा में मर्सी चांस दिया गया है।
यह जानकारी देते हुए बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि डीएलएड प्रवेश वर्ष 2020 व 2021 के छात्र-अध्यापक/अध्यापिकाएं जिन्होंने डी.एल.एड. दो वर्षीय कोर्स में दाखिला लिया था और उनका परीक्षा परिणाम प्रथम व द्वितीय वर्ष में एक विषय/अधिक विषयों में अनुत्तीर्ण होने के कारण डिप्लोमा पूर्ण नहीं हुआ है। उन सभी छात्र- अध्यापकों को डिप्लोमा पूर्ण करने हेतु एक मर्सी चांस प्रदान किया गया है। संबंधित छात्र अध्यापक/अध्यापिकाएं प्रत्येक वर्ष की परीक्षा के लिए परीक्षा शुल्क 10,000/-रुपये सहित 07 फरवरी 2025 तक ऑफलाइन आवेदन करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त प्रवेश वर्ष 2022-2024 में परीक्षा में अनुत्तीर्ण/रि-अपीयर रहे छात्र-अध्यापक/अध्यापिकाएं जो किन्हीं कारणों से ऑनलाइन आवेदन करने से वंचित रह गए हैं, वे भी निर्धारित शुल्क सहित 07 फरवरी, 2025 तक अपना ऑफलाइन आवेदन-फार्म व फोटो सम्बन्धित संस्था से सत्यापित करवाने उपरान्त शिक्षा बोर्ड कार्यालय में दस्ती जमा करवा सकते हैं। जो संस्थाएं बंद हो चुकी उनसे सम्बन्धित छात्र अध्यापक/अध्यापिकाएं ऑफलाइन आवेदन फार्म सम्बन्धित जिला डाईट से सत्यापित करवा सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन फार्म बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध है।
यदि किसी संस्था को आवेदन करने में किसी भी प्रकार की कोई कठिनाई आती है तो वे ई-मेल आई.डी. assplexam@bseh.org.in व दूरभाष नम्बर 01664-254305 पर सम्पर्क कर सकते हैं।