विकसित भारत संकल्प जनसंवाद यात्रा का हरियाणा में हुआ जोरदार आगाज

चंडीगढ़, (KK) – विकासशील देश भारत को आने वाले 25 सालों के अमृतकाल में विकसित देश बनाने के विज़न के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 नवंबर, 2023 को शुरू की गई विकसित भारत संकल्प यात्रा का हरियाणा में जोरदार आगाज हुआ है। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने इस यात्रा को जनसंवाद के साथ जोड़ कर एक अनूठा रूप दिया है। 30 नवंबर, 2023 को मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद के गांव फतेहपुर बिलोच से प्रदेशव्यापी विकसित भारत संकल्प जनसंवाद यात्रा को रवाना किया और सभी जिलों में कैबिनेट मंत्रियों, सांसदों व विधायकों ने इस यात्रा की शुरुआत की।  

पहले दिन सभी 22 जिलों में 59 ग्राम पंचायतों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में लगभग 47 हजार लोगों ने हिस्सा लेकर जनभागीदारिता का एक बड़ा संदेश दिया। इसमें 19 हजार से अधिक महिलाओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। लोगों ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए शपथ भी ली।

7400 से ज्यादा हेल्थ कैंप लगाए गए

यात्रा के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान अंत्योदय दर्शन के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के दृष्टिगत केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी जा रही है। पात्र नागरिकों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इतना ही नहीं, निरोगी हरियाणा योजना के तहत लोगों के निशुल्क हेल्थ चैकअप भी किए जा रहे हैं। इसी पहल के तहत पहले दिन ही विभिन्न कार्यक्रमों में लगभग 7400 से अधिक हेल्थ कैंप आयोजित किए गए। इसके अलावा, टीबी की जांच के लिए भी 3500 से ज्यादा लोगों की जांच की गई।

योजनाओं के लाभार्थियों ने अपनी सफलता की सुनाई कहानियां, अन्य लोगों को किया प्रेरित

विकसित भारत संकल्प जनसंवाद यात्रा के दौरान केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के लाभार्थियों ने अपनी सफलता की कहानियां बयां की और अन्य लोगों को भी इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। मेरी कहानी-मेरी जुबानी कार्यक्रम के तहत लगभग 400 लोगों ने बताया कि किस प्रकार उन्होंने योजनाओं की जानकारी हासिल की और उनका लाभ उठाकर आर्थिक उन्नति को हासिल किया। कार्यक्रम में मौजूद अन्य लोगों ने भी उनके जज्बे को सराहा और सरकार की योजनाओं को खुले मन से समर्थन किया।

महिलाओं और बच्चों को किया गया सम्मानित

पहले दिन आयोजित कार्यक्रमों में प्रशासन द्वारा उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं, प्रतिभावान छात्रों, स्थानीय खिलाड़ियों और कलाकारों को सम्मानित किया गया। इनमें लगभग 400 महिलाएं, 1300 छात्र, लगभग, 200 खिलाड़ी और लगभग 100 कलाकार शामिल हैं। इस प्रकार के सम्मान समारोह के आयोजन से न केवल अन्य लोगों को भी जीवन में आगे बढ़ने और कुछ अलग करने की प्रेरणा मिलती है, बल्कि नारी सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयास भी रेखांकित होते हैं।  विकसित भारत संकल्प जनसंवाद यात्रा का उद्देश्य भी यही है कि हर गांव, हर घर तक सरकार की योजनाओं की पहुंच हो और प्रत्येक भारतवासी का विकसित भारत बनाने में अतुलनीय योगदान हो।

Danik Khabar ( दैनिक खबर )

DanikKhabar is a Hindi news website that provides news and updates on various topics such as politics, entertainment, sports, and more.

https://www.danikkhabar.com
Previous
Previous

गृह मंत्री अनिल विज के अंबाला स्थित आवास पर लगा सैकड़ों फरियादियों का तांता, न्याय की आस में प्रदेश के कोने-कोने से पहुंचे लोग

Next
Next

8 आईएएस और एक एचसीएस अधिकारी के स्थानांतरण एवं नियुक्ति आदेश जारी