हरियाणा निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू: अधिकारियों को उम्मीदवारों का इंतजार, दो मार्च को होगा मतदान
चंडीगढ़, 11 फरवरी (अभी): नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार को शुरु हो गई। मेयर पद के लिए लघु सचिवालय के दूसरी मंजिल स्थित जिला परिषद सीईओ कार्यालय में नामांकन लिए गए। सुबह 11 से शाम 3 बजे तक नामांकन स्वीकार किए जाएंगे। 17 फरवरी तक नामांकन लिए जाएंगे। 18 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 19 फरवरी को सुबह 11 से दोपहर बाद 3 बजे तक नाम वापस ले सकते हैं। इसी दिन 3 बजे के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। दो मार्च को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
मेयर पद के सामान्य वर्ग के पुरुष के लिए 10वीं, महिला, एससी महिला एवं अनुसूचित जाति के पुरुष के लिए आठवीं कक्षा पास होना जरूरी है। नगर निगम के पार्षद पद के लिए सामान्य वर्ग के पुरुष के लिए 10वीं, महिला, अनुसूचित जाति के लिए 8वीं और अनुसूचित जाति की महिला के लिए पांचवीं पास होना जरूरी है। मेयर पद के लिए सामान्य वर्ग के प्रत्याशी के लिए 10 हजार रुपये, अनुसूचित जाति, बीसी-ए, बीसी-बी और महिला के लिए 5 हजार रुपये की जमानत राशि तय की गई है। नगर निगम में पार्षद पद के लिए सामान्य वर्ग के प्रत्याशी के लिए 3 हजार रुपये, अनुसूचित जाति, बीसी-ए, बीसी-बी और महिला के लिए 1500 रुपये की जमानत राशि तय की गई है। नगर निगम मेयर पद के चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों की खर्च सीमा 30 लाख रुपये, पार्षद पद के लिए 7 लाख 50 हजार रुपये तय की गई है।
नगर पालिका प्रधान के लिए सामान्य वर्ग के लिए 10वीं, महिला, अनुसूचित जाति की महिला एवं अनुसूचित जाति के लिए आठवीं पास होना जरूरी है। नगर पालिका में पार्षद पद के लिए सामान्य वर्ग के लिए 10वीं, महिला, अनुसूचित जाति के लिए 8वीं और अनुसूचित जाति की महिला के लिए 5वीं पास होना जरूरी है।
नगर पालिका में चेयरमैन पद के लिए सामान्य वर्ग के प्रत्याशी के लिए 2 हजार रुपये, अनुसूचित जाति, बीसी-ए, बीसी-बी और महिला के लिए एक हजार रुपये की जमानत राशि तय की गई है। नगर पालिका में पार्षद पद के लिए सामान्य वर्ग के प्रत्याशी के लिए एक हजार रुपये, अनुसूचित जाति, बीसी-ए, बीसी-बी और महिला के लिए 500 रुपये की जमानत राशि तय की गई है। नगर पालिका चेयरमैन पद के चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की खर्च सीमा 12 लाख 50 हजार रुपये, पार्षद पद के लिए 3 लाख रुपये तय की गई है। प्रत्याशियों को चुनाव खर्च का ब्यौरा देना होगा।
सात दिन में जमा कराने होंगे हथियार...
नगर निगम चुनाव को लेकर जिलाधीश अनीश यादव ने शस्त्र धारकों को शस्त्र जमा करवाने के निर्देश जारी किए हैं। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्रदत: शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह निर्देश जारी किए हैं। आर्म्स एक्ट-1959 के अनुसार सभी लाइसेंस धारकों को भी आदेश दिए गए है कि वे अपने हथियार 7 दिनों के भीतर अपने नजदीकी पुलिस थानों में अथवा मंजूरशुदा आर्म डीलर के पास जमा करवाएं।
रिटर्निंग अधिकारी ने नोडल ऑफिसर किए नियुक्त
निगम चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी हरबीर सिंह ने सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के साथ नोडल ऑफिसर नियुक्त किए हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड एक से पांच तक के लिए नियुक्त सहायक रिटर्निंग अधिकारी-कम-खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी हिसार प्रथम के साथ डीएमईओ हीरा लाल को नोडल ऑफिसर लगाया गया है। वार्ड नंबर 6 से 10 के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारी-बीडीपीओ हिसार द्वितीय के साथ मार्केट कमेटी सचिव गगन जोशी को नियुक्त किया है। वार्ड नंबर 11 से 15 के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारी-कम-तहसीलदार के साथ एसएमएस महिपाल सिंह को नियुक्त किया है। वार्ड नंबर 16 से 20 के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारी-कम-नायब तहसीलदार के साथ एएई ओमप्रकाश महिवाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
नामाकंन स्थल पर तैनात रहेगी पुलिस टीम
नगर निगम चुनाव प्रक्रिया मंगलवार से शुरू होगी। नामांकन कार्य दिवस पर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लघु सचिवालय परिसर में दाखिल किए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने बताया कि नामांकन केंद्रों के आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। नामांकन केंद्रों पर आने-जाने वाले लोगों की भी जांच की जाएगी। पुलिस की ओर से वाहनों की भी जांच की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अवैध सामग्री को नामांकन केंद्रों तक पहुंचने से रोका जा सके।
कौन नोडल अधिकारी क्या संभालेगा
ट्रेनिंग मैनेजमेंट - निगम एडिशनल कमिश्नर शालिनी चेतल
एमसीसी तथा शिकायत सम्बंधित कमेटी- निगम के ज्वाइंट कमिश्नर प्रीतपाल
कानून व्यवस्था, सुरक्षा एवं पुलिस बल की तैनाती- पुलिस अधीक्षक शशांक सावन
काउंटिंग और स्ट्रांग रूम - डीआरओ विजय यादव
परिवहन प्रबंधन --रोडवेज जीएम मंगल सैन
मैनपावर प्रबंधन, कम्प्यूटराइजेशन एवं आईटी- डीआईओ दीपक भारद्वाज
नारनौंद के लिए एमसीसी तथा शिकायत सम्बंधित कमेटी - सचिव नगर पालिका प्रदीप कुमार
नारनौंद नगर पालिका मतगणना के साथ साथ स्ट्रांग रूम - बास के नायब तहसीलदार