दिल्ली में भाजपा को मिली प्रचंड जीत, 27 वर्ष बाद सत्ता में लौटी
आरएस अनेजा, 08 फरवरी नई दिल्ली
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड जीत मिली है। 27 साल का वनवास समाप्त करते हुए भाजपा ने दिल्ली में भगवा लहरा दिया है। आम आदमी पार्टी (AAP) को ऐसे नकारा कि पार्टी के नंबर-1 नेता अरविंद केजरीवाल, नंबर-2 नेता मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia), सौरभ भारद्वाज तक चुनाव हार गए।
दिल्ली में भाजपा को मिली प्रचंड जीत पर पीएम मोदी ने कहा कि विकास और सुशासन की जीत हुई। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि हम दिल्ली के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। यह गारंटी है. दूसरी ओर अरविंद केजरीवाल ने हार स्वीकार कर ली है, केजरीवाल ने कहा हम हार स्वीकार करते हैं।
दिल्ली में भाजपा के आप के कई महारथियों धूल चटा दी है। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, अवध ओझा सहित कद्दावर नेता हार गए। हालांकि कालकाजी सीट पर लगातार पिछड़ने के बाद भी आतिशी चुनाव जीत गई। मालूम हो कि दिल्ली का पहला रुझान भाजपा के पक्ष में गया था जिसके बाद भाजपा ने लगातार अपनी बढ़त बनाई रखी।
शाम पांच बजे तक रुझान की बात करें तो भाजपा 48 सीटों पर आगे चल रही थी। इसमें कई सीटों पर भाजपा चुनाव जीत चुकी है। वहीं आप 22 सीटों पर आगे चल रही है या चुनाव जीत चुकी है। दिल्ली के रुझानों पर भाजपा खेमे में खुशी की लहर है। शाम 7.30 बजे पीएम मोदी भाजपा मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। वहीं देशभर के भाजपा कार्यालयों में राजधानी दिल्ली में मिली जीत के बाद जश्न प्रारंभ हो चुका है।