डिपोर्ट 104 भारतीयों की वतन वापसी, अमतृसर लैंड हुआ अमेरिकी विमान

पंजाब, 05 फरवरी (अभी): अमेरिका का राष्ट्रपति बनते ही डोनाल्ड ट्रंप ने एलान किया था कि यूएसए में अवैध ताैर पर रह रहे लोगों को देश से बाहर किया जाएगा। इसी कड़ी में भारतीयों को लेकर अमेरिकन आर्मी का जहाज आज अमृतसर पहुंचा।

अमेरिका के राष्ट्रपति बनते ही डोनाल्ड ट्रंप की ओर से अवैध तरीके से रह रहे लोगों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी के तहत अमेरिका से डिपोर्ट किए गए 104 भारतीयों को लेकर आया विमान श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट अमृतसर पर लैंड हुआ। 

एविएशन क्लब में होम अफेयर मंत्रालय और अमेरिकी अधिकारियों के बीच होगी मीटिंग

अमेरिका से डिपोर्ट होकर आ रहे भारतीयों की फ्लाइट सीधे एविएशन क्लब में लैंड करवाई जा रही है। यहां पर अमेरिका से आ रहे अधिकारियों व मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स के अधिकारियों के बीच मीटिंग होगी। इस मीटिंग में अवैध तरीके से इस तरह जाने वाले लोगों को रोकने पर बातचीत होगी। इस दौरान डिपोर्ट होकर आ रहे सभी लोगों को मिनिस्ट्री आफ होम अफेयर के अधिकारियों के हवाले कर दिया जाएगा। इसके बाद सभी लोगों को दस्तावेज चेक करने के बाद घरों को रवाना कर दिया जाएगा।

अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास द्वारा निर्वासित किए जाने वाले भारतीयों की सूची के अनुसार, सूची में पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के 104 भारतीय नागरिक हैं।इनमें गुजरात के 33, पंजाब के 30, यूपी के तीन, हरियाणा के 33, चंडीगढ़ के दो और महाराष्ट्र के तीन लोग शामिल हैं।  निर्वासित किये जा रहे भारतीयों में 18 वर्ष से कम आयु के 12 बच्चे और लगभग 24 महिलाएं शामिल हैं। 

अमेरिका से डिपोर्ट किए जा रहे लोगों में जालंधर के चार युवक शामिल हैं। इनमें जसकरण सिंह निवासी सलारपुर, पलवीर सिंह निवासी जालंधर कैंट, सुखदीप निवासी लल्लियन जालंधर और दविंदरजीत निवासी लांड्रा जालंधर शामिल हैं। वहीं कपूरथला के छह युवक का नाम भी लिस्ट में शामिल है।

इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से इन सभी भारतीय को डिटेन किया जाएगा। एयरपोर्ट पर इनके दस्तावेज की जांच करने के बाद इन सभी को इनके घरों की तरफ रवाना कर दिया जाएगा।

अमेरिकन आर्मी का जहाज आएगा अमृतसर

अमेरिका आर्मी का एक जहाज सी-17 ने मंगलवार को अमेरिका के सैन एंटोनियो से अमृतसर एयरपोर्ट के लिए उड़ान भर चुका है। इसमें कुल 104 भारतीय लोग सवार है। इन्हें अभी कुछ दिन पहले ही अमेरिका की पुलिस की ओर से गिरफ्तार किया गया था। भारतीय समय के मुताबिक यह जहाज बुधवार सुबह करीब नौ बजे एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। इसके बाद सभी लोगों की इमीग्रेशन जांच होगी। इसके साथ ही यह भी संदेह है कि बहुत सारे ऐसे भी लोग हो सकते है, जिनके खिलाफ पंजाब के विभिन्न शहरों में अपराधिक केस दर्ज हैं। ऐसे में उन लोगों की भी पहचान कर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

डाैंकी लगाकर गए थे युवक

जितने भी लोगों को अब अमेरिका की ओर से वापिस भेजा जा रहा है। वह सभी एजेंटों के जरिये डौंकी लगवाकर जाते हैं। इस तरह एजेंट प्रति व्यक्ति 35 से 40 लाख रुपये लेते हैं। इन सभी लोगों को मैक्सिको, पनामा आदि के जंगलों के जरिये अमेरिका में गैर-कानूनी तरीके से प्रवेश करवाया जाता है। यहां तक बहुत सारे ऐसे भी लोग होते हैं जो अमेरिका तक पहुंच ही नहीं पाते और जंगलों में भूख-प्यास के मारे दम तोड़ देते हैं।

Previous
Previous

हरियाणा मौसम: कहीं कोहरा तो कहीं धूप, मौसम में आए बदलाव से किसानों को राहत

Next
Next

मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान चलाएगा शिक्षा विभाग, शिक्षामंत्री मदन दिलावर की अध्यक्षता में शिक्षा संकुल में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित