कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की

आरएस अनेजा, 04 फरवरी नई दिल्ली

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ कृषि भवन, नई दिल्ली में साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) और बाजार दरों की समीक्षा की। साथ ही, रबी सीजन में बुवाई के क्षेत्रफल और अनुमानित उत्पादन पर भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को मसूर, तुअर और उड़द जैसी दलहन फसलों सहित बागवानी फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने के उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य दिलाने और परिवहन समस्याओं के समाधान पर चर्चा हुई। छोटे और सीमांत किसानों की मंडियों तक सीधी पहुंच न होने के कारण वे बिचौलियों पर निर्भर रहते हैं जिससे उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल पाता। इस स्थिति को सुधारने के लिए प्रभावी उपायों पर विचार किया गया। 

बागवानी फसलों के लिए त्वरित परिवहन और भंडारण सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया ताकि वे समय पर बाजार तक पहुंच सकें और खराब होने से बचें। केंद्र सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और कृषि आपूर्ति श्रृंखला को अधिक कुशल बनाने के लिए प्रयासरत है। 

इसके अतिरिक्त, उन्होंने चने और मसूर दोनों के आयात पर निर्भरता कम करने के लिए सभी अधिकारियों से ठोस कार्य योजना तैयार करने का आग्रह किया ताकि किसानों का आर्थिक सशक्तिकरण किया जा सके। बैठक में कृषि योजनाओं और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई, जिसमें किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र के विकास हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

*****

Previous
Previous

अखि‍लेश यादव ने लोकसभा में उठाया महाकुंभ भगदड़ का मुद्दा

Next
Next

वेव्स 2025 लाइव प्रसारण में गलत सूचना से निपटने के लिए एआई-संचालित समाधान पेश करेगा