संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष फिलेमोन यांग ने कहा “भारत में पिछले दस साल में उल्लेखनीय परिवर्तन देखे गए”
आरएस अनेजा, 03 फरवरी नई दिल्ली
संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष फिलेमोन यांग ने कहा है कि भारत में पिछले दस साल में उल्लेखनीय परिवर्तन देखे गए हैं। इस देश की उनकी आगामी यात्रा में उन्हें यह देखने का अवसर मिलेगा कि कैसे डिजिटल और तकनीकी नवाचार ने इस परिवर्तन को बढ़ावा दिया है।
यांग चार से आठ फरवरी तक भारत की यात्रा पर रहेंगे। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 79वें सत्र के अध्यक्ष के रूप में उनकी यह देश की पहली आधिकारिक यात्रा होगी।
यांग ने अपनी यात्रा से पहले एक विशेष साक्षात्कार में कहा- 'दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र, पांचवीं सबसे बड़ी आर्थिकी और दुनिया की 20 प्रतिशत आबादी का निवास होने के नाते भारत संयुक्त राष्ट्र का एक महत्वपूर्ण सदस्य है।'
यात्रा के उद्देश्य से जुड़े एक प्रश्न का उत्तर देते हुए यांग ने कहा कि वह बहुपक्षवाद के भविष्य के लिए भारत की प्राथमिकताओं और दृष्टिकोण को और अधिक गहराई से समझने के लिए उत्सुक हैं। इस यात्रा के दौरान वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर समेत भारतीय नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे।
मध्य अफ्रीकी देश कैमरून के प्रधानमंत्री के रूप में 2013 में अपनी भारत यात्रा को याद करते हुए यांग ने कहा कि तब से भारत में एक बड़ा परिवर्तन हुआ है और उन्हें उम्मीद है कि इस यात्रा में उन्हें यह देखने का अवसर मिलेगा कि कैसे डिजिटल और तकनीकी नवाचार ने उल्लेखनीय परिवर्तन में अपना योगदान दिया है।