दिल्ली में आज शाम थम जाएगा चुनाव प्रचार का शोर, 5 फरवरी को मतदान
नई दिल्ली, 03 फरवरी (अभी): दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटों के लिए चुनाव प्रचार सोमवार शाम पांच बजे थम जाएगा। इन सभी सीटों के लिए मतदान पांच फरवरी यानी बुधवार को होगा और चुनाव नतीजे आठ फरवरी को आएंगे। इन सभी सीटों पर 699 प्रत्याशी मैदान में हैं। समझा जाता है कि चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी उम्मीदवार एड़ी-चोटी का जोर लगा देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के लिए तीन रैलियां की हैं जबकि आम आदमी पार्टी की कमान दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने संभाल रखी है। केजरीवाल ने रैलियां और रोड शो किए हैं।
दिल्ली में मतदाताओं की कुल संख्या 1,56,14000 है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 83,76,173 और महिला वोटरों की संख्या 72,36,560 है। थर्ड जेंडर 1,267 और दिव्यांग 79,885 हैं। पांच फरवरी को होने वाले मतदान के लिए दिल्ली में कुल 13,766 केंद्र बनाए गए हैं।
दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए हो रहे चुनाव में ‘आप’, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा शासित राज्यों के कम से कम पांच मुख्यमंत्रियों ने ‘आप’ पर हमला बोला।
दिल्ली विधानसभा चुनाव को ‘आप’ के शासन मॉडल और सत्तारूढ़ पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर जनमत संग्रह के तौर पर देखा जा रहा है। ‘आप’ जहां लगातार तीसरी बार अपना गढ़ बचाने की कोशिश कर रही है, वहीं भाजपा 26 साल बाद वापसी की कोशिश में जुटी है।आरके पुरम में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने ‘आप’ पर आरोप लगाया कि पार्टी ने झूठे वादे किए और भ्रष्टाचार में लिप्त रही। उन्होंने ‘‘आप-दा’’ पर राष्ट्रीय राजधानी के 11 साल बर्बाद करने का आरोप लगाया और दावा किया कि अब विकास और तरक्की के लिए समर्पित डबल इंजन वाली सरकार चुनी जाएगी।