रचनाकारों को नेटफ्लिक्स की विस्तृत सामग्री लाइब्रेरी से आकर्षक ट्रेलर विकसित करने का मौका मिलेगा
आरएस अनेजा, 03 फरवरी नई दिल्ली
ट्रेलर सृजन प्रतियोगिता दिल्ली रोड शो पिछले सप्ताह गुरुतेग बहादुर चतुर्थ शताब्दी इंजीनियरिंग कॉलेज (जीटीबी4सीईसी) में आयोजित किया गया। यह राष्ट्रव्यापी ट्रेलर सृजन प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले तक चलने वाले रोड शो की श्रृंखला में एक महत्वपूर्ण पड़ाव था।
भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ तथा रीस्किल द्वारा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में रचनात्मक भागीदार के रूप में नेटफ्लिक्स तथा शैक्षणिक भागीदार के रूप में जीटीबी4सीईसी को शामिल किया गया। इस पहल ने प्रतिभागियों को कहानी कहने और वीडियो संपादन की कला सीखने के लिए एक अद्वितीय मंच प्रदान किया।
रचनात्मकता और नवाचार के लिए एक मंच
रचनात्मकता को उजागर करना: ट्रेलर सृजन प्रतियोगिता, विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) 2025 के भाग के रूप में रचनात्मक भागीदारी के लिए नेटफ्लिक्स फंड द्वारा संचालित, महत्वाकांक्षी फिल्म निर्माताओं को प्रेरित करने और उन्हें सुसज्जित करने के लिए डिज़ाइन की गई एक प्रतियोगिता है। यह अनूठी पहल छात्रों को नेटफ्लिक्स की विस्तृत सामग्री लाइब्रेरी से आकर्षक ट्रेलर बनाने का मौका देती है। इसमें वीडियो संपादन, कहानी कहने और ट्रेलर सृजन में गहन कौशल से प्रतिभागियों को दक्ष करने के लिए 3 महीने की गहन समूह गतिविधियां शामिल थीं।
ट्रेलर सृजन प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न सम्मान और पुरस्कार दिये जाएंगे। प्रामाणिक ट्रेलर प्रस्तुत करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को भागीदारी का प्रमाण पत्र दिया जाएगा। शीर्ष 50 प्रतिभागियों को फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) और नेटफ्लिक्स से विशेष मान्यता के साथ-साथ उत्कृष्टता का प्रमाण पत्र भी मिलेगा।
इसके अलावा, शीर्ष 20 प्रतियोगियों को एक ट्रॉफी, विशेष सामग्री और वेव्स में भाग लेने, अपनी उपलब्धियों का प्रदर्शन करने और उद्योग दिग्गजों के साथ जुड़ने का अनूठा अवसर मिलेगा।
इसके लिए पंजीकरण जारी है और अंतिम तिथि 31 मार्च 2025 है। अब तक, दुनिया भर से लगभग 3200 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। प्रतिभागियों में कॉलेज के छात्र यानी महत्वाकांक्षी कंटेंट क्रिएटर और वीडियो एडिटर से लेकर कामकाजी पेशेवर हैं जो अपने शौक को आगे बढ़ा रहे हैं या संपादक और क्रिएटर के रूप में अपने जारी उद्यम का उपयोग कर आवेदन कर रहे हैं।