हरियाणा में तेज हवाओं के बीच खिली धूप, दो दिन बारिश का अलर्ट

चंडीगढ़, 19 फरवरी (अभी): हरियाणा में बुधवार को कई जिलों में तेज हवाओं के चलने के बीच धूप भी खिली हुई है। हालांकि, कई जिलों में मौसम बदलने के साथ दो दिनों तक बारिश का अलर्ट भी जारी है। इस वजह से जिलों में तापमान मंगलवार से नीचे गिरा है। 

सोनीपत में सुबह से खिली धूप निकली हुई है। हालांकि न्यूनतम तापमान में कमी आई है। न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस था।

इसी तरह जींद में अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया। यहां हवा की गति 11 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई है। जबकि, यमुनानगर में मौसम साफ है। आज दोपहर बाद 4.30 बजे मौसम में परिवर्तन की संभावना है।अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि बुधवार को एक नया मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने के आसार हैं। इससे अरब सागर में नमी बढ़ेगी। इस कारण पंजाब के दक्षिणी और राजस्थान के उत्तरी हिस्सों पर एकाएक कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। जिससे 19 व 20 फरवरी के दौरान हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। साथ ही 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर हल्की ओलावृष्टि भी हो सकती है।

Previous
Previous

राष्ट्रीय "शिवजन्मोत्सव 2025" आयोजित

Next
Next

स्वाति मालीवाल का अरविंद केजरीवाल से अनुरोध, दिल्ली में दलित विधायक को बनाएं नेता प्रतिपक्ष