अम्बाला: पंजाब नेशनल बैंक द्वारा लघु उद्योग से जुड़े व्यवसायियों को आगे बढऩे के लिए पीएनबी एमएसएमई आउटरिच कार्यक्रम का आयोजन किया गया

अम्बाला, 13 फरवरी (अभी): पंजाब नेशनल बैंक द्वारा लघु उद्योग के साथ-साथ अन्य उद्योगों से जुड़े व्यवसायियों को आगे बढऩे के लिए अम्बाला क्लब, अम्बाला शहर में आज पीएनबी एमएसएमई आउटरिच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त डा. ब्रहमजीत व पीएचडीसीसीआई श्रीशिवशंकर ने वशिष्ठ अतिथि के तौर पर शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों द्वारा दीपशिखा प्रज्वलित करके किया गया।

मुख्य अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त डा. ब्रहमजीत ने पीएनबी बैंक द्वारा व्यवसायियों के दृष्टिगत पीएनबी एमएमएमई आउटरिच कार्यक्रम का आयोजन करने की सराहना करते हुए यहां पर मुख्य अतिथि के तौर पर उन्हें बुलाने के लिए धन्यवाद किया। उन्होने कहा कि अम्बाला में एमएसएमई से छोटे व बडे व्यवसायी काफी संख्या में जुडे हैं जोकि काफी सराहनीय है। उन्होंने इस मौके पर यहां पर उपस्थित व्यवसायियों के बीच बैठकर सीधा संवाद किया और उन्हें कहा कि उनकी कोई भी समस्या या सुझाव है या प्रशासनिक स्तर पर कोई भी सहायता उन्हें चाहिए वह सीधा आकर उनसे मिल सकते हैं। आउटरिच कार्यक्रम के माध्यम से जहां व्यवसायियों को पीएनबी बैंक से जुड़ी स्कीमों के साथ-साथ उत्पादों के बारे में जानकारी मिलती है। उन्होने कहा कि पीएनबी बैंक द्वारा आज यहां पर जो कार्यक्रम आयोजित किया गया है वह इस कार्यक्रम के माध्यम से नए व्यवसायियों को भी जोडे, विशेषकर युवाओं को जोडें, तभी कार्यक्रम सार्थक माना जाएगा। युवाओं में काफी क्षमता होती है, यदि उन्हें मौका मिलता है तो निसंदेह वे आगे आकर यानि व्यवसाय करते हुए मॉडल के रूप में अम्बाला जिले का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिले, इस दिशा में भी पीएनबी बैंक कार्य करे। उन्होंने इस मौके पर यह भी कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए भी हमें मिलकर कार्य करना है। अकेला प्रशासन इस कार्य को नहीं कर सकता, इस कार्य में आपकी पूर्ण सहभागिता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज कार्यक्रम में पीपीटी के माध्यम से भी बैंक की स्कीमों के बारे में भी जानकारी दी गई है। व्यवसायी व लघु उद्योग से जुडे प्रतिनिधि इसका लाभ उठाकर आगे बढ़े।

इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथि के रूप में शिरकत करने पहुंचे श्री शिवशंकर ने भी मुख्य अतिथि के साथ-साथ अन्य का स्वागत करते हुए पंजाब नेशनल बैंक द्वारा लोन से सम्बन्धित जो गतिविधियां एवं कार्यक्रम किए जाते हैं उनकी रूपरेखा बारे विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को किए जाने का मुख्य उद्देश्य यही है कि व्यवसायियों के साथ-साथ लघु उद्योग से जुडे प्रतिनिधियों को न्यूनतम ब्याज दर व कम दस्तावेजों का प्रयोग करते हुए ऋण उपलब्ध करवाते हुए उनके जीवन के जो सपने है उन्हें साकार करना है।

इस अवसर पर मंडल प्रमुख हरिओम ने मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में लघु उद्योग के साथ-साथ अन्य व्यवसायियों को आगे बढने के लिए एमएसएमई के तहत दी जाने वाली सुविधाएं व ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक 130 वर्ष पुराना बैंक है और इसकी 10168 बैंक शाखाएं व 11034 एटीएम हैं और यह 26.40 लाख करोड़ रूपए का व्यवसाय भी कर चुका है। आज आयोजित इस कार्यक्रम में बैंक द्वारा लगभग 124.00 करोड़ की लीड व सैंक्शन का उत्सर्जन किया गया।

कार्यक्रम का संयोजन रघुकुल तिलक सिंह, सहायक महाप्रबंधक, एम्सीसी, अम्बाला ने किया। इस अवसर पर जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक पुनीत कुमार, प्रधान कार्यालय से सहायक महाप्रबंधक अमरिन्द्र किशोर के साथ-साथ पीएनबी बैंक के अन्य अधिकारीगण व विभिन्न उद्योगों से जुडे व्यवसायी व उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान उपस्थित अतिथियों द्वारा बैंक के पुराने ग्राहकों को सम्मानित भी किया गया।

Previous
Previous

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने गुरूग्राम में 33 केवी जीआईएस में आग लगने पर लिया कडा संज्ञान

Next
Next

परंपरागत चिकित्सा में गुणवत्ता आश्वासन के लिए भारत और इंडोनेशिया के बीच समझौता मील का पत्थर: केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव