चंडीगढ़, 13 फरवरी (अभी) - हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण के समर्पित प्रयासों से हरियाणा विधानसभा के सदस्यों के लिए दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम 14 फरवरी, 2025 को शुरू होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला करेंगे तथा समापन 15 फरवरी, 2025 को राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश के नेतृत्व में सत्र के साथ होगा।
हरियाणा विधानसभा द्वारा लोकसभा के संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (PRIDE) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में हरियाणा के सभी कैबिनेट मंत्री, राज्य मंत्री और सांसद भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में कई अन्य गणमान्य अतिथि भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, केन्द्रीय आवासन एवं शहरी मामले तथा बिजली मंत्री श्री मनोहर लाल, पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष सरदार कुलतार सिंह संधवान, हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री सतीश महाना, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह पठानिया तथा गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष श्री शंकर भाई चौधरी विशेष रूप से शामिल होंगे।
इसके अलावा, लोकसभा सदस्य और वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 संबंधी संयुक्त समिति के अध्यक्ष श्री जगदंबिका पाल, लोकसभा सदस्य और प्राक्कलन समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, पूर्व लोकसभा सदस्य डॉ. सत्यपाल सिंह, लोकसभा महासचिव श्री उत्पल कुमार सिंह और उत्तर प्रदेश विधान सभा के प्रमुख सचिव श्री प्रदीप कुमार दुबे भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।