रेलवे महाकुंभ में आने-जाने को  सुनिश्चित करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य कर रही है : रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव

आरएस अनेजा, 11 फरवरी नई दिल्ली

भारतीय रेलवे भारी भीड़ के बावजूद महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को लाने और वापस उनके घर पहुंचाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि प्रयागराज क्षेत्र के आठ अलग-अलग स्टेशनों से लगभग 330 ट्रेनों ने 12 लाख 50 हजार यात्रियों को उनके घरों तक पहुंचाया गया है। भले ही भीड़ कम नहीं हो रही है, लेकिन भारतीय रेलवे इन स्टेशनों से सिर्फ़ 4 मिनट से कुछ ज़्यादा समय में एक ट्रेन संचालन कर यह सुनिश्चित कर रहा है कि श्रद्धालुओं को पवित्र स्नान के बाद प्रतीक्षा न करनी पड़े।

माघी पूर्णिमा के अगले पवित्र अमृत स्नान से पहले, इन ट्रेनों की एक रेक एक ही यात्रा में औसतन 3780 यात्रियों की सेवा कर रही है, जो दर्शाता है कि भीड़ कम नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज जंक्शन के साथ 7 अन्य स्टेशन प्रयागराज छिवकी, नैनी, सूबेदारगंज, प्रयाग, फाफामऊ, प्रयागराज रामबाग और झूसी पूरी तरह कार्यरत हैं। निरंतर भीड़ के बावजूद, प्रयागराज क्षेत्र के इन 8 स्टेशनों से विशेष और नियमित ट्रेनें पूरी क्षमता से चल रही हैं। किसी भी अमृत स्नान से दो दिन पूर्व और दो दिन पश्चात केवल एक स्टेशन प्रयागराज संगम को बंद करना एक नियमित प्रक्रिया है।

रेलवे अधिकारी सतीश कुमार ने कहा कि यह प्रयागराज जिला प्रशासन के सुझाव पर किया गया है और इससे पूर्व के पवित्र स्नानों और अमृत स्नान पर यह कदम उठाया गया था। इससे पहले दिन में, सीआरबी और सीईओ सतीश कुमार ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को रेल भवन के वॉर रूम में प्रयागराज क्षेत्र में रेलवे सेवाओं के सुचारू संचालन के बारे में जानकारी दी, जहां सभी रेलवे स्टेशनों से सीसीटीवी कैमरा फुटेज देखे जा रहे हैं। दोनों ने भीड़ को देखते हुए स्थिति की समीक्षा की और माघी पूर्णिमा के अगले अमृत स्नान से पहले रेलवे की तैयारियों पर चर्चा की।

रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने मीडिया और आम जनता से महत्वपूर्ण प्रयागराज जंक्शन पर सेवाओं के प्रभावित होने के बारे में कुछ मीडिया रिपोर्टों पर ध्यान ना देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आठ रेलवे स्टेशनों पर जाकर तथ्यों को आसानी से सत्यापित किया जा सकता है, जहां महाकुंभ के लोगो के साथ मेला विशेष ट्रेनें दिन-रात चल रही हैं। भारतीय रेलवे द्वारा एक सामान्य दिन में 330 ट्रेनें चलाना भारत के लोगों के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह संख्या गत माह मौनी अमावस्या के दिन 360 ट्रेनें संचालित करने के समान लोगों की भीड अपने ऐतिहासिक स्तर पर थी।

यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे नवीनतम जानकारी के लिए आधिकारिक रेलवे स्रोतों का संदर्भ लें तथा भ्रामक जानकारी से बचें।

******

Previous
Previous

पेरिस में एआई एक्शन समिट के अवसर पर दूसरा भारत-फ्रांस एआई नीति गोलमेज सम्मेलन आयोजित

Next
Next

अल्पसंख्यकों के लिए प्रधानमंत्री का 15 सूत्री कार्यक्रम