महाकुंभ भगदड़ में लापता श्रद्धालुओं का मामला हाईकोर्ट पहुंचा
आरएस अनेजा, 10 फरवरी नई दिल्ली
महाकुंभ में 29 जनवरी को मौनी अमावस्या पर हुई भगदड़ में लापता लोगों का विवरण एकत्र करने के लिए न्यायिक निगरानी समिति गठित करने की मांग में इलाहाबाद हाई कोर्ट में सुरेश चंद्र पांडेय ने जनहित याचिका दाखिल की है। इसमें कहा गया है कि भगदड़ में कई लोगों की मौत और घायल होने के मामले में न्यायिक निगरानी समिति गठित की जाए।
समिति के बारे में प्रमुख और क्षेत्रीय समाचार पत्रों में प्रकाशित कराने का निर्देश दिया जाए ताकि लोग समिति को जानकारी दे सकें। इसके साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी (महाकुंभ मेला) और मुख्य चिकित्साधिकारी प्रयागराज को शव विच्छेदन गृह में लाशों का रिकॉर्ड प्रस्तुत करने का निर्देश दिया जाए।
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट में महाकुंभ भगदड़ के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग में जनहित याचिका दाखिल की गई थी।
सुप्रीम कोर्ट ने हस्तक्षेप न कर घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए हाई कोर्ट जाने के लिए कहा था। प्रदेश सरकार ने इस दुर्घटना की जांच के लिए इलाहाबाद हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति हर्ष कुमार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग का गठन किया है। आयोग ने घटना की जानकारी देने के लिए लोगों को आमंत्रित भी किया है। अध्यक्ष व सदस्य मौके पर जाकर निरीक्षण भी कर चुके हैं। जांच जारी है।