दिल्ली हार का इफेक्ट, आम आदमी पार्टी का पंजाब की ओर रुख
आरएस अनेजा, 10 फरवरी नई दिल्ली
दिल्ली चुनावों में हार के बाद आम आदमी पार्टी ने पंजाब की ओर रुख कर दिया है। आम आदमी पार्टी ( आप ) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल 11 फरवरी को दिल्ली में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, राज्य के मंत्रियों और विधायकों की बैठक बुला ली है। साथ बैठक कर सकते हैं, सूत्रों के मुताबिक, बैठक में दिल्ली चुनाव परिणामों और 2027 में आगामी पंजाब चुनावों की तैयारियों पर चर्चा होगी।
पंजाब के सभी आप विधायकों की 11 फरवरी को दिल्ली में बैठक उस समय बुलाई गई है जब इसी दिन पंजाब कैबिनेट की बैठक थी जिसे स्थगित कर दिया गया है और अब कैबिनेट बैठक 13 फरवरी को होगी। आप संयोजक की ओर से बुलाई गई बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि पंजाब के विधायकों के कामकाज को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। आप के हाथों से दिल्ली की सत्ता निकल गई है। ऐसे में पार्टी का सारा दारोमदार पंजाब पर है। राजनीतिक रूप से पंजाब में भी आम आदमी पार्टी को लगातार झटके लगते रहे हैं।
इससे पहले रविवार को, कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के 30 से अधिक विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं और पाला बदलने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इस हार के साथ ही छल-कपट, झूठ और खोखले वादों का राज खत्म हो गया है। पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता और वरिष्ठ कांग्रेसी प्रताप सिंह बाजवा ने कहा है कि दिल्ली में करारी हार के बाद अरविंद केजरीवाल अब पंजाब जाएंगे, जहां वह राज्य के मुख्यमंत्री बनने की कोशिश करेंगे। लुधियाना में मौजूदा आप विधायक के निधन के बाद विधानसभा की एक सीट पहले से ही खाली है और केजरीवाल के लिए उपचुनाव लड़ना सुविधाजनक होगा। वहीं, केजरीवाल ने दिल्ली में पंजाब के विधायकों की बैठक बुलाई है, जिसके बाद से अब कई और तरह के राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं।