ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत 2024 में 25,000 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त किया गया
आरएस अनेजा, 10 फरवरी नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत NCB सहित देश भर की सभी कानून-प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा 2024 में करीब 25330 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किया गया, जो 2023 में जब्त 16100 करोड़ रुपये के मुकाबले 55 प्रतिशत से अधिक है।
यह सफलता प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व और केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में अपनाई गई ‘बॉटम टू टॉप’ और ’टॉप टू बॉटम’ अप्रोच और वित्तीय विभाग, सभी राज्यों की पुलिस और एजेंसियों के बेहतर समन्वय का प्रमाण है। मोदी जी की नशामुक्त भारत की कल्पना को साकार करने के लिए केन्द्र और राज्यों के सभी विभाग ‘Whole of Government’ अप्रोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
2024 में जो मादक पदार्थों की जब्ती हुई, उनमें अधिक संख्या में ज्यादा हानिकारक और नशे की लत वाले सिंथेटिक ड्रग्स, कोकीन और साइकोट्रोपिक पदार्थों के रूप में उपयोग की जाने वाली फार्मास्युटिकल दवाएं हैं, जिनका मूल्य भी बहुत ज्यादा है।
2024 में जब्त किये गए मेथामफेटामाइन जैसे ATS की मात्रा 2023 में 34 क्विंटल से दोगुनी से भी अधिक होकर 80 क्विंटल हो गई है। इसी तरह कोकीन की मात्रा भी 2023 में 292 किलोग्राम से बढ़कर 2024 में 1426 किलोग्राम हो गई। जब्त की गई मेफेड्रोन की मात्रा भी 2023 में 688 किलोग्राम के मुकाबले 2024 में करीब पाँच गुना बढ़कर 3391 किलोग्राम और हशीश की मात्रा 2023 में 34 क्विंटल से बढ़कर 2024 में 61 क्विंटल हो गई। इसके अलावा मनोदैहिक पदार्थों (psychotropic substances) के रूप में दुरुपयोग की जाने वाली फार्मास्युटिकल दवाओं की संख्या (गोलियाँ) 1.84 करोड़ से बढ़कर 4.69 करोड़ हो गई।