ग्रामीण विकास, गरीब कल्याण राज्य सरकार की प्राथमिकता: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी
चंडीगढ़, 4 जनवरी (अभी) - सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास और गरीब कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस संबंध में राज्य सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। किसानों के हित में जहां 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है, वहीं ग्रामीण विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
कैबिनेट मंत्री शनिवार को अपने पैतृक गांव कलौदा कलां में आयोजित अभिनंदन समारोह में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री के गांव में नवनिर्मित गली का उद्घाटन किया गया तथा वाल्मीकि चौपाल का शिलान्यास किया गया।
श्री कृष्ण कुमार बेदी ने ग्रामीणों की मांग पर विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए अनुदान की घोषणा भी की। इसके अलावा ग्रामीणों द्वारा रखी गई नहरी पानी की क्षमता बढ़ाने की मांग को भी मंजूरी दी गई तथा आश्वासन दिया गया कि निकट भविष्य में डीएलसी माइनर की रीमॉडलिंग तथा धमतान साहिब माइनर का विस्तार किया जाएगा। क्षमता बढ़ाने से करीब एक दर्जन गांवों में नहरी पानी की समस्या का समाधान हो जाएगा। नहरी पानी की क्षमता बढ़ाने से कलौदा कलां, कलौदा खुर्द, फुलियां कलां, फुलियां खुर्द, खरड़वाल, नैहरें, अमरगढ़, सुलेहड़ा, जुलेहड़ा, राजगढ़ ढोबी, भीखेवाला व लोहचब सहित करीब एक दर्जन गांवों के किसानों को इसका लाभ मिलेगा।
ग्रामीणों की लगभग सभी मांगों को स्वीकार करते हुए श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि ग्राम सचिवालय व चमार जाति के सामुदायिक भवन के लिए 11-11 लाख रुपये तथा पिछड़ी जाति की चौपाल, ब्राह्मण चौपाल, कश्यप चौपाल, लोहार चौपाल व वाल्मीकि चौपाल के लिए 10-10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा, सामुदायिक केंद्र भवन, पशु अस्पताल भवन, डिजिटल लाइब्रेरी, राजकीय उच्च विद्यालय की चारदीवारी, सहकारी बैंक भवन, व्यायामशाला, बूस्टर टैंक, गांव में स्ट्रीट लाइटें व कैमरे, स्कूल में प्रार्थना शेड, कब्रिस्तान की चारदीवारी तथा कुछ गांवों के सभी कच्चे रास्तों के अलावा गांव के दोनों तालाबों का सौंदर्यकरण व आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी का भी एस्टीमेट बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिला प्रधान तेजेंद्र ढूल, पूर्व विधायक पिरथी सिंह व अन्य उपस्थित थे।