रेलवे ने मौनी अमावस्या पर प्रयागराज से 364 ट्रेनें चलाईं : रेलम अश्विनी वैष्णव
आरएस अनेजा, 30 जनवरी नई दिल्ली।
भारतीय रेलवे ने मौनी अमावस्या के दिन संगम में पवित्र स्नान कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रयागराज के विभिन्न स्टेशनों से 364 आउटवर्ड ट्रेनों का संचालन किया। प्रयागराज महाकुंभ के दौरान एक ही दिन में चलाई गई ट्रेनों का यह नया रिकॉर्ड है। इसके साथ ही, इस दौरान रेलवे द्वारा 77 इनवर्ड ट्रेनों का भी संचालन किया गया। आउटवर्ड ट्रेनों में 142 नियमित और 222 महाकुंभ मेला स्पेशल ट्रेनें शामिल थीं।
नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज कहा कि मौनी अमावस्या के दिन प्रयागराज से 364 ट्रेनों का संचालन किया गया। रेलवे के सभी वरिष्ठ अधिकारियों की टीम रेल भवन स्थित वॉर रूम से पूरी स्थिति पर रियल टाइम नजर रख रही है, राज्य सरकार से लगातार समन्वय बनाकर ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे बोर्ड के चेयरमैन व सीईओ और तीनों रेलवे जोन के जीएम मेला प्रशासन और राज्य सरकार के संपर्क में हैं।
उन्होंने संगम स्नान के लिए आए सभी श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया है। रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़े होल्डिंग एरिया बनाए हैं, जहां वे बैठकर अपने क्षेत्र में ट्रेन का इंतजार कर सकते हैं। इसके बाद प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार ट्रेन में सवार होने के लिए रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हों। मौनी अमावस्या पर उत्तर मध्य रेलवे द्वारा आवक और जावक मिलाकर 280 ट्रेनों का संचालन किया गया भारतीय रेलवे आज श्रद्धालुओं की सुरक्षित और आरामदायक घर वापसी सुनिश्चित करने के लिए 360 विशेष रेलगाड़ियों का संचालन कर रहा है।
पूरे मेले की अवधि के दौरान रेलवे ने लगभग 13,450 रेलगाड़ियों के संचालन की योजना बनाई है, जिसमें 10,028 नियमित रेलगाड़ियाँ और 3400 से अधिक विशेष रेलगाड़ियाँ शामिल हैं। अब तक 1900 से अधिक विशेष रेलगाड़ियाँ संचालित की जा चुकी हैं। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सभी रेलगाड़ियाँ योजना के अनुसार ही संचालित की जा रही हैं। पूर्व में दी गई सूचना के आलोक में कुछ रेलगाड़ियों का मार्ग परिवर्तित करके चलाया जा रहा है, जबकि कुछ रेलगाड़ियों का टर्मिनल स्टेशन प्रयागराज के स्थान पर सूबेदारगंज कर दिया गया है।
****