बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की
आरएस अनेजा, 30 जनवरी नई दिल्ली
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवनशैली को लेकर दिए गए टिप्स की सराहना की। अक्षय ने एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी का एक वीडियो साझा किया, जिसमें पीएम मोदी फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल को बढ़ावा देते हुए मोटापे से बचने के उपाय बता रहे थे। अक्षय कुमार ने अपनी राय व्यक्त करते हुए लिखा कि यह बातें वे सालों से कहते आ रहे हैं और पीएम मोदी ने इन्हें बहुत सही तरीके से प्रस्तुत किया है।
अक्षय कुमार ने अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा कहे गए कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने लिखा, “स्वस्थ जीवन का सबसे बड़ा हथियार है— सही नींद, ताजी हवा, सूरज की रोशनी और कम तेल के साथ अच्छा भोजन. पीएम मोदी ने जिस तरह से देसी घी की अहमियत बताई, वह भी बिलकुल सही है” अक्षय ने यह भी कहा कि वह खुद हमेशा से स्वस्थ आहार को प्राथमिकता देते रहे हैं और पीएम मोदी की बातों से पूरी तरह सहमत हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो में बताया कि आजकल देश में मोटापा एक बड़ी समस्या बन गई है और यह स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है. उन्होंने कहा कि मोटापा डायबिटीज और दिल के रोगों का कारण बन सकता है, इसलिये हमें फिटनेस को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए. पीएम मोदी ने इस दिशा में ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया और सभी से अपील की कि वे हर रोज कुछ समय शारीरिक गतिविधियों के लिए निकालें।
अक्षय कुमार के इस ट्वीट से यह स्पष्ट है कि वे फिटनेस और स्वास्थ्य को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के विचारों से पूरी तरह सहमत हैं. उनका मानना है कि अगर हम नियमित रूप से वर्कआउट करें और सही आहार लें, तो हमारी सेहत में निश्चित रूप से सुधार होगा।