भारत-आस्ट्रेलिया बार्डर-गवास्कर ट्राफी का पांचवां टेस्ट मैच, पहले दिन भारत के 185 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 9 रन पर गंवाया एक विकेट

आरएस अनेजा, सिडनी, 03 जनवरी

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी में खेले जा रहे सीरीज के पांचवें टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय टीम 72.2 ओवर में 185 रन बनाकर ढेर हो गई। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने 3 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 9 रन बना लिए हैं। उस्मान ख्वाजा 2 रन बनाकर बुमराह की गेंद पर स्लिप पर केएल राहुल के हाथों लपके गए। उनके आउट होते ही अंपायर्स ने दिन के खेल की समाप्ति की घोषणा कर दी। भारतीय टीम के पास पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद 176 रन की बढ़त है। सैम कोंस्टास 7 रन बनाकर नाबाद है।

भारतीय टीम ने जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और पूरी टीम 72.2 ओवर में 185 रन बनाकर ढेर हो गई। भारतीय टीम के बल्लेबाजों का हाल कंगारू बल्लेबाजों ने बेहल कर दिया। खिलाड़ी पिच पर तो पैर जमाने में सफल रहे लेकिन बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। भारत के लिए सबसे ज्यादा 40 रन ऋषभ पंत ने बनाए। वहीं ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट स्कॉट बोलैंड ने लिए।

खराब रही भारत की शुरुआत 17 रन पर गंवाए दो विकेट
भारत के लिए बल्लेबाजी का आगाज करने यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की जोड़ी उतरी। लेकिन दोनों ने निराश किया। यशस्वी जायसवाल 10 और केएल राहुल 4 रन बनाकर आउट हुए। 17 के स्कोर पर भारत की सलामी जोड़ी पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद विराट और गिल ने पारी को संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 40(100) रन की साझेदारी हो गई थी लेकिन लंच से ठीक पहले नाथन लॉयन ने गिल को स्लिप पर कैच कराकर भारत को तीसरा झटका दिया। गिल 20 रन बनाकर आउट हुए।

विराट फिर फंसे ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद पर
दूसरे सत्र में विराट कोहली ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद को खेलने की गलती कर बैठे और 17 रन बनाकर बोलैंड की गेंद पर लपके गए। भारत को लगा ये चौथा झटका था। इसके बाद पंत और जडेजा के बीच पांचवें विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी हुई। लेकिन 57वें ओवर में पंत बोलैंड की गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में चूक गए और पैट कमिंस ने उनका कैच लपक लिया। पंत ने 40(98) रन बनाए। इसके बाद अगली ही गेंद पर नीतीश रेड्डी स्लिप पर बोलैंड की गेंद पर स्मिथ के हाथों लपके गए। भारत का स्कोर अचानक 6 विकेट पर 120 रन हो गया। 134 के स्कोर पर रवींद्र जडेजा 26(95) रन बनाकर मिचेल स्टार्क की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। यह टीम इंडिया को लगा सातवां झटका था। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर विवादास्पद रूप से विकेट के पीछे कमिंस की गेंद पर लपके गए। उन्होंने 14 रन बनाए। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा 3 रन बनाकर स्टार्क की गेंद पर कैच आउट हुए।

बुमराह ने खेली 17 गेंद पर 22 रन की आतिशी पारी
अंत में जसप्रीत बुमराह ने 17 गेंद में 22 रन की पारी खेलकर भारतीय टीम को 185 रन तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया के लिए बोलैंड ने 4 विकेट, मिचेल स्टार्क ने 3 और पैट कमिंस ने 2 विकेट लिए। एक सफलता नाथन लॉयन को मिली। भारत के लिए पंत के 40 रन के अलावा रवींद्र जडेजा ने 26, बुमराह ने 22, गिल ने 20 और विराट ने 17 रन की पारी खेली।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैच की टेस्ट सीरीज का आगाज शुक्रवार को सिडनी के सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में हुआ। सीरीज में ऑस्ट्रेलिया 2-1 की बढ़त बना चुका है। ऐसे में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी पर कब्जा बनाए रखने के लिहाज से टीम इंडिया के लिए यह करो या मरो का मुकाबला है। ऐसे में भारतीय टीम किसी भी सूरत में इस मैच में जीत दर्ज करके सीरीज 2-2 से बराबर करने उतरी है।सीरीज के बराबरी पर समाप्त होने से टीम इंडिया की वर्ल्ड टेस्ट सीरीज के फाइनल में पहुंचने की संभावना ना के बराबर बरकरार रहेगी। इस मुश्किल स्थिति में भारतीय टीम फॉर्म के लिए संघर्ष कर रहे नियमित कप्तान रोहित शर्मा के बगैर जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में मैदान में उतरी। टीम मैनेजमेंट या कहें रोहित का यह बोल्ड डिसीजन है क्योंकि वर्तमान परिस्थिति में टीम के लिए जीत जरूरी है और उसे हासिल करने के लिए किसी भी तरह के कदम उठाने को टीम मैनेजमेंट तैयार है। ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को अपनी प्लेइंग-11 का ऐलान करते हुए मिचेल मार्श को बाहर का रास्ता दिखाया और बेउ वेबस्टर को डेब्यू का मौका दिया है। वो भी एक फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर हैं। यह मेलबर्न में जीत हासिल करने वाली कंगारू टीम में हुआ एकलौता बदलाव है। टीम इंडिया सिडनी में तीन बदलाव के साथ उतरी है। रोहित शर्मा के अलावा एमसीजी में खेलने वाले आकाशदीप पीछ की मांसपेशियों में खिंचाव के बाद बाहर हो गए हैं। उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को मौका मिला है। वहीं रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल को मौका मिला है।

Previous
Previous

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2024 का ऐलान, मनु भाकर समेत इन 4 खिलाड़ियों को खेल रत्न अवार्ड

Next
Next

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह पश्चिम बंगाल में नादिया के फुलिया में भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान के नए परिसर का उद्घाटन करेंगे