सावित्रीबाई फुले के जीवन मूल्यों को आत्मसात करते हुए समाज के उत्थान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे युवाशक्ति : उद्योग एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह

चंडीगढ़, 03 जनवरी (अभी) - हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज के जागरण में मुख्य भूमिका निभाती है। ऐसे में हमारी युवा शक्ति को सावित्रीबाई फुले के जीवन मूल्यों को आत्मसात करते हुए समाज के उत्थान में अपना महत्वपूर्ण योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भर में यह प्रमाणित हो चुका है कि शिक्षा हर एक नागरिक का सम्पूर्ण विकास करती है। जिसके चलते महिलाओं के लिए शिक्षा का महत्व और भी ज्यादा जरूरी हो जाता है। यह सर्वविदित है जो समाज जितना अधिक शिक्षित होगा उसके विकास की आधारभूत संरचना उतनी की दृढ़ होगी।

 

वे आज देश की प्रथम महिला अध्यापक एवं समाज सेविका सावित्री बाई फुले की जयन्ती पर गुरुग्राम जिला के गांव झाड़सा में आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे।

 

राव नरबीर सिंह ने माता सावित्री बाई फुले को श्रद्धासुमन अर्पित करने उपरान्त अपने संबोधन में कहा कि समाज का ढांचा जैसा होगा शिक्षा उतनी ही महत्वपूर्ण हो जाती है। सावित्री बाई फुले के द्वारा जलायी गयी ज्योति आज के समय में और अधिक प्रासंगिक है। क्योंकि जिस समाज के भीतर स्त्रियां अधिक जागरूक होती है वह समाज कहीं अधिक विकसित होता है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी महिलाओं को उनके अधिकारों के लिए एक लंबा संघर्ष करना पड़ा। ऐसे में जब देश में राजनीतिक गुलामी के साथ-साथ सामाजिक गुलामी का भी दौर था, तब सावित्रीबाई फुले ने शिक्षा के महत्व को जाना, समझा और महिलाओं की आज़ादी के नए द्वार खोलकर उनमें नई चेतना का सृजन किया जो हम सभी के लिए आज भी प्रेरणा का  विषय है।

Previous
Previous

कुवि के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र में ओडीएल व ऑनलाइन कार्यक्रमों में दाखिला शुरू, आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2025

Next
Next

पंचकूला जोन की उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की कार्यवाही 06, 13, 20 और 27 जनवरी को पंचकूला में की जाएगी