प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से फोन पर हुई बात, जल्द होगी मुलाकात

आरएस अनेजा, 28 जनवरी नई दिल्ली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई है। इस बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने हिंद-प्रशांत, मध्य पूर्व और यूरोप में सुरक्षा सहित कई क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत की है। बातचीत के बारे में व्हाइट हाउस की तरफ से भी डिटेल जारी की गई है।

ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद ये दोनों पहली बातचीत है। इस बातचीत को लेकर पीएम मोदी सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट भी किया है। इसके अलावा व्हाइट हाउस ने भी बातचीत की डिटेल जारी की है जिसमें बताया गया है कि दोनों नेताओं के बीच आखिर क्या बातचीत हुई है।. यहां अहम बात यह है कि ट्रंप ने दोनों देशों के बीच निष्पक्ष व्यापार की बात पीएम मोदी से की है। इस दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी को अमेरिका आने का न्योता दिया है। व्हाइट हाउस ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच एक सार्थक बातचीत हुई है। दोनों नेताओं ने सहयोग को बढ़ाने और रिश्तों को गहरा करने पर बात की है. ट्रंप और मोदी के बीच हिंद-प्रशांत, मध्य पूर्व और यूरोप में सुरक्षा सहित कई क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत की तरफ से खरीदे जाने वाले अमेरिकी सुरक्षा उपकरणों की खरीद बढ़ाने और निष्पक्ष द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों की ओर बढ़ने के महत्व पर जोर दिया है। दोनों नेताओं ने देशों के बीच दोस्ती और रणनीतिक संबंधों को देखते हुए पीएम मोदी की व्हाइट हाउस यात्रा की योजना पर भी चर्चा की है. ट्रंप ने पीएम मोदी को जल्द ही अमेरिका आने के लिए इनवाइट किया है। इस दौरान पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी और इंडो-पैसिफिक क्वाड साझेदारी को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता पर जोर दिया। व्हाइट हाउस ने अपने बयान में यह भी कहा कि भारत इस साल के अंत में पहली बार क्वाड नेताओं की मेजबानी करेगा।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा कि अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात करके बहुत खुशी हुई। उनके ऐतिहासिक दूसरे कार्यकाल के लिए उन्हें बधाई दी। हम परस्पर लाभकारी और विश्वसनीय साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम अपने लोगों के कल्याण तथा वैश्विक शांति, समृद्धि एवं सुरक्षा के लिए मिलकर काम करेंगे।

Previous
Previous

भारत में युवाओं के सामने रही अनेक बाधाओं को हमने पिछले दस साल में हटाने का काम किया : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Next
Next

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में बनकर तैयार होगा विश्व का सबसे ऊंचा अशोक स्तंभ, सभी धर्म के धार्मिक गुरुओं ने मन्त्रोंच्चारण के साथ किया शिलान्यास